2 जून से 2 मार्ग होंगे वन-वे

अंदरुनी मार्गों पर ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को देखते हुए लिया फैसला

उज्जैन। शहर के अंदरुनी मार्गों में ट्रैफिक के बढ़ते दबाव और इससे आए दिन लगने वाले चक्काजाम को देखते हुए पुलिस ने दो मार्गों को वन-वे करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 2 जून से लागू हो जाएगी।
दरअसल, वर्तमान में अंदरुनी मार्गों में यातायात का अत्यधिक दबाव होता है। इन संकरे मार्गों पर दोनों दिशाओं से ट्रैफिक संचालन से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है एवं यातायात भी बाधित होती है। इसी को देखते हुए जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में कुछ मार्गों को एकांगी (वन-वे) करने का निर्णय लिया है। इसमें भी विशेषकर चौबीस खंभा से हरसिद्धि पाल मार्ग को वन-वे घोषित किया है। २ जून से यह व्यवस्था लागू की जाएगी। जो प्रतिदिन सुबह ९ से रात १० बजे तक प्रभावशील रहेगी।
यह रहेगी व्यवस्था
वन-वे इन :- वाहनों की आवाजाही चौबीस खंभा से मराठा मंदिर होते हुए हरसिद्धि पाल तक होगी।
वन-वे आउट :- वापसी के लिए हरसिद्धि पाल से कहारवाड़ी, पानदरीबा होते हुए गुदरी की ओर मार्ग निर्धारित रहेगा।
पुलिस ने की अपील
पुलिस ने निर्धारित मार्ग व्यवस्था का पालन करने और ट्रैफिक संचालन में सहयोग करने की अपील शहरवासियों से की है। पुलिस ने कहा कि उल्लंघन करने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









