गोरकर बंधु हत्याकांड : खराब वाहन सुधर रहा था, आरोपी भागकर पुल पर चढ़ा, गिरने से टांग टूटी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नीलगंगा चौराहे पर हुए गोरकर बंधु हत्याकांड के 19 वें आरोपी की पुलिस हिरासत से भागने के दौरान टांग टूट गई। उसे पुलिस वाहन से लेकर आ रही थी।वाहन खराब होने से इसे सुधारा जा रहा था, इसी दौरान वह कूद कर भाग निकला था।
भाजपा नेता दिलीप गोरकर के दो भतीजों की हत्या कर दी गई थी। यह हत्याएं पासी गैंग के सदस्यों ने की थी। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने 23 लोगों को आरोपी बनाया है। अब तक 18 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
19 वां आरोपी रोहित पिता राकेश पासी अपराध को अंजाम देने के बाद नागपुर में छिप गया था। उसका पता चलने पर पुलिस टीम नागपुर गई थी और उसे लेकर रविवार शाम लौट रही थी। देवासरोड पर गरोठ ब्रिज के पास वाहन खराब हो गया था। मैकेनिक बुलाकर ठीक करवाया जा रहा था। इसी दौरान रोहित वाहन से कूद गया और ब्रिज पर चढ़ गया। पीछाकर पुलिसकर्मियों से बचने के लिए उसने ब्रिज से छलांग लगा दी। इसमे उसका पैर टूट गया।
चार आरोपी अभी भी फरार
टीआई तरुण कुरील ने बताया कि रोहित पासी को नागपुर से पकड़ा गया था। हिरासत से वह भागा और पुल से गिरने पर उसका पैर टूट गया। मामले में अब तक १९ आरोपी पकड़े जा चुके हैं। ४ आरेापी और फरार हैं। इनकी तलाश जारी है।









