शराब तस्करों ने टीआई को ट्रक से कुचला, इलाज के दौरान मौत

देवास : चैकिंग के दौरान हादसा : दो घंटे तक उपचार और सीपीआर के बावजूद बचाया नहीं जा सका
इंदौर-बैतूल हाईवे पर तस्करी रोकने पहुंची थी पुलिस टीम, डिवाइडर पर ट्रक चढ़ाकर भागने लगा ड्राइवर, एसआईटी गठित
अक्षरविश्व न्यूज देवास/खातेगांव। देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलने के बाद मौत हो गई। रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे वे पुलिस टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान शराब से भरे ट्रक के ड्राइवर ने उन्हें टक्कर मार दी और पिछले पहिए से कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल टीआई को अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब दो घंटे तक उपचार और सीपीआर देने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब तस्करी की सूचना मिलने पर खातेगांव और नेमावर पुलिस की टीमें ट्रक का पीछा कर रही थीं। ट्रक हाईवे पर डिवाइडर के किनारे खड़ा मिला। थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने ड्राइवर को नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन वह ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने लगा। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया टीआई के ऊपर से गुजर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
संदलपुर में ट्रक छोड़ फरार हुआ ड्राइवर
घटना के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक को डिवाइडर के दूसरी ओर ले गया और संदलपुर में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया है। ट्रक के कंपार्टमेंट में शराब भरी मिली है। आबकारी उपनिरीक्षक पूजा गेहलोत के अनुसार, शराब की मात्रा और उसके स्रोत की जानकारी गिनती के बाद सामने आएगी।
चिकित्सकों ने हरसंभव प्रयास किए, लेकिन नहीं बचा सके
अस्पताल के डॉक्टर शैलेंद्र के मुताबिक, टीआई को अत्यधिक रक्तस्त्राव हुआ था और शरीर के कई अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा था। उन्हें बचाने के लिए चिकित्सकों ने हरसंभव प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
जांच के लिए एसआईटी गठित
घटना की सूचना मिलते ही देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित की है। पुलिस ने हरदा जिले की टिमरनी तहसील के शराब ठेकेदार राहुल जायसवाल के कुछ कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं, आबकारी अधिकारी सुनील भोजने के मुताबिक, टिमरनी की संबंधित शराब दुकान को फिलहाल सील कर दिया गया है।
कुछ कर्मचारी हिरासत में लिए गए
हादसे में इस्तेमाल ट्रक रतलाम पासिंग का है। पुलिस ने हरदा जिले की टिमरनी तहसील के शराब ठेकेदार और कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल के कुछ कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है।
कुछ कर्मचारी हिरासत में लिए गए
हादसे में इस्तेमाल ट्रक रतलाम पासिंग का है। पुलिस ने हरदा जिले की टिमरनी तहसील के शराब ठेकेदार और कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल के कुछ कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है।
तिरंगे में लपेटकर दी गई अंतिम विदाई- दिलीप पुरी मूल रूप से धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम बरमण्डल के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी कविता, एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके पिता ओमप्रकाश पुरी किसान होने के साथ कांग्रेस नेता भी हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव बरमण्डल रवाना किया गया।









