दस दिन में सिंहस्थ मेला क्षेत्र का मास्टर प्लान तैयार करेगी जीटी

उस अनुसार जुटाई जाएगी व्यवस्था

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सिंहस्थ मेला क्षेत्र का मास्टर प्लान जीटी कंपनी तैयार करेगी। इस कंपनी ने ही प्रयागराज महाकुंभ का प्लान तैयार किया था। मेगा इवेंट में कंपनी को महारत हासिल है। कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने सिंहस्थ तैयारियों को लेकर सोमवार शाम मीटिंग की। इसमें मास्टर प्लान शीघ्रता से तैयार करने पर विचार किया। यह काम जानी-मानी इवेंट कंपनी जीटी को सौंपा गया है। जीटी दस दिन के भीतर प्रारंभिक प्लान तैयार करेगी।

क्या होगा प्लान में
मास्टर प्लान में यह होगा कि कहां पर कितने चौड़े मार्ग बनेंगे, कौन-कौन से यूटिलिटी एरिया होंगे और बाहरी सडक़ें मेला क्षेत्र से कैसे जुड़ेंगी। इस मास्टर प्लान को स्पिरिचुअल सिटी के प्रस्तावित नक्शे के अनुरूप बनाया जाएगा। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि मास्टर प्लान हर हाल में दस दिन में प्रस्तुत कर दिया जाए। प्रारंभिक मास्टर प्लान में संशोधन के बाद आगे फिर से नया मास्टर प्लान बनाया जाएगा और इसके आधार पर सिंहस्थ मेला क्षेत्र मेें निर्माण और व्यवस्थाएं की जाएंगी।

टाइमलाइन में मॉनिटरिंग
बैठक में कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि सिंहस्थ से जुड़े अल्प और दीर्घकालिक प्रोजेक्ट्स को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए पुख्ता कैलेंडर बनाया जाए। इसमें स्पष्ट किया जाएगा कि कौनसे कार्य तीन महीने में पूरे होंगे, कौनसे कार्य 2025 के अंत तक और कौनसे 2026-27 में पूर्ण किए जाएंगे। इस अनुसार ही मॉनिटरिंग की जाएगी। ताकि तैयारियों को पुख्ता किया जा सके।

पर्यवेक्षण समिति की बैठक 13 को
बैठक में 13 जून को प्रस्तावित सिंहस्थ पर्यवेक्षण समिति की बैठक में रखे जाने वाले बिंदुओं और प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। इसमें मेला क्षेत्र की सडक़ों और यूटिलिटी की स्पष्ट रूपरेखा, निर्माण कार्यों का मॉड्यूलर टाइम फ्रेम, स्पिरिचुअल सिटी अवधारणा से सामंजस्य, समर्पित एजेंसी (जीटी कंपनी) को जिम्मेदारी को लेकर चर्चा होगी। इसी में मास्टर प्लान का प्रारंभिक मसौदा भी रखा जा सकता है। हालांकि इतनी जल्दी प्लान तैयार होना बड़ा कठिन है।

जीटी कंपनी को मास्टर प्लान बनाने के निर्देश दिए हैं। वह दस दिन में प्रारंभिक मास्टर प्लान बनाकर देगी। इसमें सडक़, यूटिलिटी, ट्रैफिक के साथ उज्जैन आने वाले मार्गों पर स्थित कस्बे, शहरों में लोगों के रुकने-ठहरने और वहां से उनके उज्जैन तक पहुंचने के इंतजाम की जानकारी रहेगी।
रौशनकुमार सिंह
कलेक्टर

Related Articles