हस्तियों संग फोटो खिंचवाने का शौक ले गया उसे सीएम के नजदीक

स्टार हेल्थ बीमा कंपनी में कार्यरत है नकली प्रोटोकॉल अधिकारी, महाकाल पुलिस ने दर्ज किया केस, पूछताछ जारी

उज्जैन। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में घुसने वाले जिस नकली प्रोटोकॉल अधिकारी को महाकाल पुलिस ने पकड़ा है, उसके बारे में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। युवक को बड़ी और ख्यात हस्तियों के साथ फोटो खिंचवाने का शौक है और इसी शौक के चलते वह रूद्रसागर स्थित सम्राट अशोक सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ फोटो खिंचवाने के लिए पहुंचा था लेकिन पकड़ा गया। मामले में महाकाल पुलिस ने उस पर प्रकरण दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उसके मोबाइल की गैलरी में पुलिस को कुछ फोटो मिले हैं। हालांकि, इसका खुलासा पुलिस ने नहीं किया।
दरअसल, 15 फरवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रुद्रसागर में बने सम्राट अशोक सेतु का लोकार्पण कर रहे थे तभी सीएम कार्यालय भोपाल के प्रोटोकॉल अधिकारी का आईडी कार्ड लटकाए और नकली वॉकी-टॉकी लेकर कोट पहने एक युवक सीएम की ओर बढ़ रहा था, उसके संदिग्ध हावभाव को देखकर पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की तो उसने खुद को प्रोटोकॉल ऑफिसर बताते हुए अपना नाम सिद्धार्थ पिता प्रदीप जैन बताया। उसके पास से मुख्यमंत्री कार्यालय वल्लभ भवन, भोपाल का एक आईडी कार्ड भी मिला। वॉकी-टॉकी चैक किया तो वह भी नकली था। जांच में नकली प्रोटोकॉल अधिकारी का पता चलते ही महाकाल पुलिस ने सिद्धार्थ जैन को गिरफ्तार कर लिया।
इंदौर का रहने वाला है युवक
टीआई एनबी सिंह परिहार ने बताया ३७ वर्षीय सिद्धार्थ जैन नामक युवक इंदौर के सुदामानगर का रहने वाला है, फिलहाल वह अशोकनगर में रहने वाले मुकुंद मिश्रा के मकान में किराए से रह रहा है। पूछताछ में उसने पंजाब नेशनल बैंक की फ्रीगंज शाखा के स्टार हेल्थ बीमा कंपनी में कार्यरत होना बताया है। फिलहाल उसके खिलाफ कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी ने उस पर दहेज प्रताडऩा का केस लगाया था। वह उससे अलग रहती है।
जांच करवाएंगे: प्रारंभिक तौर पर लगता है कि वह मानसिक रूप से ठीक नहीं है। उसके मेंटल स्टेटस की जांच करवाई जाएगी। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
प्रदीप शर्मा, एसपी








