होटल संचालक ने दिल्ली के दंपत्ति से की मारपीट

कमरा नहीं लेना तो सड़क से अपनी कार हटाओ

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। दानीगेट स्थित एक होटल के संचालक ने दिल्ली के दंपत्ति के साथ इसलिए मारपीट की क्योंकि उन्होंने सड़क पर अपनी कार खड़ी की थी और होटल में कमरा नहीं लिया। दंपत्ति अपनी शिकायत लेकर महाकाल थाने पहुंचे।
दिल्ली निवासी रूपेश पिता रमेश प्रसाद नोएडा मेट्रो में सर्विस करता है। वह अपनी पत्नी शिवानी के साथ कार से उज्जैन आया था। यहां उसने श्री अग्रवाल गेस्ट हाऊस दानीगेट के सामने अपनी कार खड़ी की और नदी तरफ पैदल जाने लगा तभी होटल कर्मचारी आया और बोला आपको होटल में कमरा लेना है, रूपेश ने इंकार किया तो बोला कमरा नहीं लेना तो अपनी कार यहां से हटाओ।
रूपेश ने उससे कहा कि कार सड़क पर खड़ी है, पांच मिनिट में हटा लेंगे। इसी को लेकर होटल संचालक वहां आया और विवाद करने लगा। रूपेश ने उन्हें गाली गलौज से रोका तो कर्मचारियों ने मारपीट शुरू कर दी। एक कर्मचारी ने रूपेश की पत्नी शिवानी पर भी हमला किया। घटना सीसीटीवी में रिकार्ड हुई जिसे पुलिस ने जब्त किया है।









