पति के साथ मारपीट, गर्भवती पत्नी बीच-बचाव करने आई तो उसे भी पीटा

उज्जैन। नानाखेड़ा क्षेत्र के आनंदनगर में कुछ दिन पहले ही किराए से रहने आए दंपत्ति के साथ पड़ोसी महिला और उसके बेटे ने मारपीट की। उन्होंने नानाखेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
जानकारी के मुताबिक दीपांशु जैन अपनी पत्नी प्रिया जैन के साथ तीन माह पहले ही आनंदनगर में किराए से रहने आए हैं। प्रिया गर्भवती है। दंपत्ति ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे दोनों बुलेट खरीदने की बात कर रहे थे तभी पड़ेासी में रहने वाली महिला और उसका बेटा कुश आए और कहने लगे कि बुलेट खरीदने का ताना किसे दे रहे हो, इसी को लेकर गाली-गलौच की। जब दीपांशु ने गाली देने से मना किया तो कुश ने मारपीट की। यह देख प्रिया पति को बचाने पहुंची तो महिला ने उसके साथ मारपीट की और उसे धक्का देकर नीचे गिर दिया जिससे उसे चोट लगी। इसके बाद मां-बेटे ने जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उन्होंने नानाखेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

देर से आई डायल 112
दीपांशु ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने डायल ११२ को कॉल किया था लेकिन करीब एक घंटे बाद वह आई, जबकि उसे तुरंत पहुंचना था।
ऑटो खड़ा करने की बात पर चालक से मारपीट की
उज्जैन। आगर रोड पर वाइन शॉप के समीप ऑटो खड़ा करने की बात को लेकर दो ऑटोरिक्शा चालकों में विवाद हो गया जिसमें एक ने दूसरे को जमकर पीटा और रुपए भी छीन लिए। घायल को चरक अस्पताल में भर्ती करवाया है। घायल का नाम सोनू पिता नागूलाल मालवीय (38) निवासी चिंतामन है। वह ऑटो चलता है। उसने बताया कि वह गुरुवार रात आगर रोड स्थित वाइन शॉप के समीप ऑटो खड़ा कर रहा था तभी एक अन्य ऑटो चालक ने वहां ऑटो नहीं खड़ा करने की बात कहते हुए लात-घूंसों से मारपीट की। घायल ने चिमनगंज मंडी थाने में शिकायत की है। फिलहाल वह चरक अस्पताल में भर्ती है।








