तेरी नजर से नजर मिलाई, तूने नशीली ताड़ी पिलाई…

सीएमएचओ कार्यालय में बाबू ने बनाई रील, अफसर ने कहा- कार्रवाई करेंगे

उज्जैन। शासकीय विभागों में पदस्थ प्रत्येक कर्मचारी के लिए अनुशासन, ड्रेसकोड जैसे प्रोटोकॉल होते हैं। वरिष्ठ अफसरों के कार्यालय में इनका अक्षरश: पालन करना भी जरूरी होता है जिससे ऑफिस का डेकोरम मेंटेन हो सके। इन नियम और प्रोटोकॉल को ताक पर रखकर सीएमएचओ कार्यालय के एक बाबू ने लोकगीत पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई।
अफसरों का कहना है कि बाबू पर कार्रवाई करेंगे।
सीएमएचओ कार्यालय के एनएचएम विभाग में पदस्थ बाबू महेश जमुनिया ने अपने कार्यालय में मोबाइल से रील बनाई और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एक रील में जमुनिया लोकगीत तेरी नजर से नजर मिलाई, तूने नशीली ताड़ी बनाई… बज रहा है। इसमें जमुनिया एक हाथ में लट्ठ व दूसरे हाथ में बिस्लरी की बॉटल लेकर डांस करते नजर आ रहे हैं। पीछे दीवार पर ऑफिस के सूचना बोर्ड भी दिख रहे हैं।
इसी प्रकार की दूसरी रील भी लोकगीत पर ही बनाई गई है जिसमें बाबू जमुनिया लट्ठ घुमाने की कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। दोनों रील ऑफिस में ही बनी है। खास बात यह कि रील को सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम, फेसबुक पर अपलोड भी किया गया है। एनएचएम के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मधुसुदन राजावत ने चर्चा में बताया कि महेश जमुनिया द्वारा ऑफिस में इस प्रकार की रील बनाई गई है। इस प्रकार का कृत्य शासकीय विभाग के प्रोटोकॉल के विरुद्ध है। रील के फुटेज देखकर जांच कराने के बाद कार्रवाई करेंगे।
बयान लेकर कार्रवाई का निर्धारण
महेश जमुनिया द्वारा ड्यूटी के दौरान अपने विभाग में डांस व लट्ठ घुमाने की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल की गई है। मामला मेरे संज्ञान में है। जमुनिया के बयान लेकर कार्रवाई का निर्धारण करेंगे।
डॉ. अशोक पटेल, सीएमएचओ









