महंगाई : अब कार कंपनियां अगले महीने से दाम बढ़ाएंगी

नईदिल्ली, एजेंसी। देश में अब कारों की कीमत बढऩे जा रही है। मारुति और हुंडई के बाद अब टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड ने अपनी कारों और एसयूवी की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड ने पेट्रोल-डीजल इंजन और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया है। नई कीमतें एक सितंबर से लागू होंगी। वाहनों की कीमतों में अधिकतम 25 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी की जाएगी।
कंपनी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला कच्चा माल महंगा होने, अन्य इनपुट लागत में बढ़ोतरी और लगातार महंगाई का दबाव बने रहने के कारण लिया गया है। वाहनों की अलग-अलग मॉडल और उनके वेरिएंट के हिसाब से कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया गया। कंपनी का कहना है कि लागत बढऩे के एक बड़े हिस्से को वह खुद वहन कर रही है, जबकि कुछ बोझ कीमतों में बढ़ोतरी के जरिए ग्राहकों पर डाला जा रहा है।









