IPL 2026 Qualifier 1: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच होगा मुकाबला

धर्मशाला: आईपीएल 2026 का सबसे बड़ा और नॉकआउट हफ्ता आज यानी मंगलवार से शुरू होने जा रहा है। पॉइंट्स टेबल की टॉप दो टीमें, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में क्वालीफायर-1 में आमने-सामने होंगी।
इस मुकाबले का समीकरण बेहद सीधा है, जो भी टीम आज का मैच जीतेगी, उसे सीधे फाइनल का टिकट मिल जाएगा। वहीं, हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर नहीं होगी, बल्कि उसे 29 मई को होने वाले क्वालीफायर-2 में एक और मौका मिलेगा, जहां उसका सामना सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले एलिमिनेटर मैच की विजेता टीम से होगा।
डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के लिए क्वालीफायर-1 से पहले खिलाड़ियों की इंजरी एक बड़ा सिरदर्द बन गई है। इंग्लैंड के ऑलराउंडर जैकब बेथेल उंगली की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, जो आरसीबी के लिए बहुत बड़ा झटका है। बेथेल असल में फिल साल्ट की जगह खेल रहे थे, जो खुद उंगली की चोट के कारण लंबे समय से बाहर चल रहे हैं। आज के मैच के लिए 29 साल के साल्ट की उपलब्धता पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वे आज की प्लेइंग 11 में जगह बना पाते हैं या नहीं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB): विराट कोहली, फिल साल्ट (यदि फिट होते हैं), देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, सुयश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, रसिक सलाम डार, जोश हेजलवुड
गुजरात टाइटंस (GT):शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर, वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, अरशद खान, प्रसिद्ध कृष्णा।









