रसोई में सिंक के नीचे डस्टबिन रखना सही या गलत? जानिए वास्तु

रसोई घर में सिंक के नीचे डस्टबिन रखना आम बात है। जगह की कमी के कारण ज्यादातर लोग डस्टबिन को सिंक के नीचे ही रख देते हैं। हालांकि, वास्तु मान्यताओं के अनुसार ऐसा करना उचित नहीं माना जाता। माना जाता है कि इससे घर की सुख-शांति और सकारात्मक वातावरण प्रभावित हो सकता है।
वास्तु के अनुसार, सिंक के नीचे डस्टबिन रखने से जल तत्व और कचरे से जुड़े तत्व का टकराव माना जाता है। वास्तु मान्यताओं में सिंक को जल तत्व और डस्टबिन को राहु तत्व से जोड़ा जाता है। दोनों के एक साथ होने से घर में नकारात्मकता बढऩे की बात कही जाती है।
ऐसा माना जाता है कि इससे परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। साथ ही धन संबंधी परेशानियां, फिजूलखर्ची और घर के सदस्यों के बीच मनमुटाव बढऩे की आशंका भी बताई जाती है। खासतौर पर घर की महिलाओं के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की मान्यता है।
जगह नहीं है तो अपनाएं ये उपाय
अगर रसोई में डस्टबिन रखने के लिए दूसरी जगह नहीं है और उसे सिंक के नीचे ही रखना मजबूरी है, तो कुछ वास्तु उपाय किए जा सकते हैं।
सेंधा नमक रखें
सिंक के नीचे कांच की कटोरी में सेंधा नमक रखें। वास्तु मान्यताओं के अनुसार, यह नकारात्मकता को कम करने में सहायक माना जाता है। नमक को हर सप्ताह बदल दें।
ढक्कन वाला डस्टबिन रखें
यदि डस्टबिन सिंक के नीचे रखना ही है तो हमेशा ढक्कन वाला डस्टबिन इस्तेमाल करें। डस्टबिन को खुला न छोड़ें और उसे नियमित रूप से साफ करते रहें।
कपूर गोलियां रखें
सिंक के नीचे कपूर की गोलियां रखने की सलाह दी जाती है। मान्यता है कि इससे दुर्गंध और नकारात्मकता कम होती है।
सूर्यास्त से पहले डस्टबिन खाली करें
डस्टबिन को लंबे समय तक भरा हुआ न रखें। कोशिश करें कि सूर्यास्त से पहले कचरा बाहर कर दिया जाए। डस्टबिन और उसके आसपास की जगह को भी साफ रखें।









