Popup Image
Advertisement

खड़े हनुमान : अब भाजपा नेताओं ने संभाला मोर्चा विहिप प्रमुख ने कहा-जनभावनाओं का आदर करें

उज्जैन। कंठाल चौराहा-छत्री चौक चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे खड़े हनुमान मंदिर को स्थानांतरित करने की गेंद अब विहिप के पाले में चली गई है। आरएसएस के प्रकल्प विहिप को मनाने की जिम्मेदारी उज्जैन के स्थानीय भाजपा नेताओं के सौंपी गई है। इन लोगों ने शनिवार को विहिप के संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव से मुलाकात की। हालांकि उन्होंने नेताओं को साफ शब्दों में कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करें। सूत्रों का कहना है कि इन नेताओं ने देर शाम इंदौर में आरएसएस के बड़े पदाधिकारी से भी चर्चा की है।

Advertisement

दरअसल, शनिवार को प्रशासनिक अफसरों ने चौड़ीकरण से उपजे इश्यू को गंभीर माना और इस मामले में स्थानीय भाजपा नेताओं से सहयोग मांगा था। यह पूरा मामला पेचीदा हो गया है और आगे लॉ एंड आर्डर की स्थिति बन सकती है। शहर के हित को देखते हुए भाजपा नेताओं ने मदद का आश्वासन दिया और इसी कड़ी में शनिवार को विहिप के संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव से स्थानीय भाजपा नेताओं के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की। इसका नेतृत्व सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल कर रहे थे।

प्रतिनिधि मंडल में राज्य सभा सदस्य बालयोगी उमेशनाथ जी, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, निगम सभापति कलावती यादव, यूडीए अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी और भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल शामिल थे। प्रतिनिधि मंडल ने मंदिर के स्थानांतरण को विकास से जोड़कर अपनी बात की। हालांकि भार्गव इस तर्क से सहमत नहीं दिखें। उन्होंने प्रतिनिधि मंडल से कहा कि यह मसला एक साधारण भवन या बिल्डिंग का नहीं है। यह सालों से प्रतिष्ठित एक प्रतिमा का है। जिससे जनभावनाएं गहरी जुड़ी हुई हैं। आम आदमी की भावना का अनादर नहीं किया जा सकता। सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेताओं ने इस मुलाकात के बाद इंदौर में संघ के एक पदाधिकारी से भी संपर्क किया। हालांकि इनके बीच हुई बातचीत का ब्योरा नहीं मिला है। इस मसले पर वर्चुअली जुड़े सांसद अनिल फिरोजिया ने सर्वानुमति से ही आगे बढऩे का सुझाव दिया है।

Advertisement

युवाओंं के मन की थाह ली विहिप ने: विहिप ने शनिवार को ही एक होटल में युवाओं के साथ इस मसले पर संवाद किया। करीब दो सौ से ज्यादा की संख्या में शामिल युवाओं ने प्रतिमा को अपनी मूल जगह पर ही रखने पर जोर दिया। विहिप के संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव ने बताया कि भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने विकास का तर्क दिया है। पर खड़े हनुमान मंदिर से जनभावनाएं जुड़ी हुई हैं। विकास और जनभावना दोनों को समझना होगा। इस सिलसिले में विहिप का संवाद लगातार चल रहा है। समाज के हर वर्ग की इच्छा का सम्मान करके ही सही फैसला लिया जा सकता है।

हर्षा रिछारिया फिर से पहुंचीं मंदिर:महामंडलेश्वर हर्षा रिछारिया ने शनिवार शाम फिर से खड़े हनुमान मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में रविवार को सद्बुद्धि यज्ञ करने का ऐलान किया।

Advertisement

पत्रकार अग्निहोत्री और वकील अश्विनीकुमार दर्शन करने पहुंचे: नई दिल्ली के पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री तथा सुप्रीम कोर्ट के वकील अश्विनी कुमार ने शनिवार को खड़े हनुमानजी के दर्शन किए। शनिवार को पूर्व सांसद और विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय पुन: छतरीचौक पहुंचे और खड़े हनुमानजी की प्रतिमा के दर्शन किए।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें