कोहरे में ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई मोटरसाइकिल, मजदूर की मौत

उज्जैन। उन्हेल के नजदीक ग्राम नवादा और उन्हेल रेलवे स्टेशन के बीच सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराए मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई है। यह हादसा शनिवार रात को हुआ। मृतक की पहचान भूरू शाह (45) निवासी उन्हेल के रूप में की गई है। भूरू मजदूरी करता था, शनिवार देर रात वह नवादा गांव से मोटरसाइकिल से घर आ रहा था। घना कोहरा होने की वजह से सड़क पर खड़ी टै्रक्टर ट्रॉली भूरू शाह नजर नहीं आई ओर वह सीधे उससे जाकर भिड़ गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

टक्कर मारने वाली कार की पहचान
उज्जैन। कर्कराज पार्किंग के नजदीक शनिवार की सुबह स्कूली छात्रों को टक्कर मारने वाली कार की पहचान कर ली गई है। घायल स्कूली छात्र ने ही अपने मोबाइल से कार के फोटो खींच लिए थे। कार इंदौर के रहने वाले शख्स की है, वह परिवार के साथ उज्जैन दर्शन करने आया था। दरअसल, शनिवार की गणतंत्र दिवस परेड की तैयारी के लिए स्कूल जा रहे महाराजवाड़ा क्र. 2 के छात्र जफर पिता इज्जु रहमान निवासी छोटी तोड़ी और विश्वदीप पिता शंकर कुसाटे निवासी नृसिंह घाट कॉलोनी को कर्कराज पार्किंग के पास कार ने टक्कर मार दी थी। इसमें जफर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि विश्वदीप घायल है। पुलिस के मुताबिक कार का नंबर एमपी 09 सीजी 5200 है। घटना के बाद कार चालक भाग निकला था।








