लिव-इन पार्टनर ने दिया धोखा, महिला ने उठाया खौफनाक कदम

4 माह जांच के बाद फोटोग्राफर प्रेमी के खिलाफ दर्ज हुआ केस
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सेठी नगर में प्रेमी के साथ लिव इन में रहने वाली महिला ने 4 माह पहले जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजन के बयानों के बाद माधव नगर पुलिस ने उसके प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज किया है।
यह था मामला
राधा पिता गंगाराम (27) निवासी अनंतखेड़ी कायथा नर्सिंग की छात्रा थी और इंदौर के मैरीज ब्यूरो में काम करती थी। पति से विवाद होने के बाद वह अकेली सेठी नगर में रहने लगी थी। उसका परिचय अर्जुन पिता कालूराम पंवार निवासी देवली तराना से हुआ। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग के बाद वह लिव इन में साथ रहने लगी। 5-6 माह गुजरने के बाद राधा ने पूर्व से विवाहित अर्जुन से शादी करने का दबाव बनाया।
तलाक का बहाना बनाता रहा
राधा ने अर्जुन से कहा कि अब शादी कर लेते हैं इस पर अर्जुन कहता रहा कि मेरा तलाक हो जाने दो उसके बाद शादी कर लेंगे। उधर राधा का पति कमल से तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा था, लेकिन अर्जुन अपने तलाक की झूठी बात राधा से कहता था। इसकी जानकारी लगने पर राधा ने 12 मई को जहर खा लिया।
परिजन के बयान बने आधार
एएसआई लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि राधा की जहर खाने से मृत्यु की जांच में उसके भाई हेमंत, पिता गंगाराम, सेठी नगर में रहने वाले मकान मालिक पुष्पेन्द्र सिंह के बयान दर्ज किए थे, जिसमें स्पष्ट हुआ कि फोटोग्राफर अर्जुन ने लिव इन में रहकर राधा को धोखा दिया जिससे दु:खी होकर उसने जहर खाकर आत्महत्या की। अर्जुन के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत केस दर्ज किया गया है।








