10 हजार रुपए के लालच ने बना दिया तस्कर, पांच दिन के लिए रिमांड पर

महिलाओं ने डोडाचूरा की डिलेवरी लेने-देने की सुनाई रोचक कहानी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 75 किलो डोडाचूरा के साथ जीआरपी की गिरफ्त में आईं पंजाब की तस्कर महिलाएं 5 दिन के रिमांड पर हैं। पूछताछ में उन्होंने अविश्वसनीय कहानी सुनाई है। जिसकी पुष्टि के लिए जीआरपी अफसरों ने लुधियाना पुलिस से संपर्क किया है।
यह था मामला: जसविंदर कौर और परविंदर कौर दोनों निवासी लुधियाना को जीआरपी टीम ने प्लेटफार्म 8 से 5 सूटकेस व पिट्ठू बैग में रखे 75 किलो डोडाचूरा के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद 17 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की गई है।
पहले दर्शन करने आईं थीं: जसविंदर और परविंदर कौर पिछले माह उज्जैन दर्शन करने आ चुकी थीं। हालांकि देवदर्शन के बाद वापस लुधियाना लौट गईं थीं। पुलिस को उनके द्वारा बताई कहानी पर विश्वास नहीं हो रहा।
हम तो केरियर हैं…
टीआई सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि महिला तस्करों ने बताया कि वे तो कैरियर (सामान इधर से उधर करने वाले) हैं। लुधियाना स्टेशन पर उन्हें एक युवक मिला था। उसने कहा था कि उज्जैन स्टेशन से सूटकेस व बैग लेकर आना है। इसके एवज में 10 हजार रुपए मिलेंगे। रुपए के लालच में दोनों उज्जैन स्टेशन आईं थीं। यहां एक युवक ने उन्हें सूटकेस और पिट्ठू बैग दिए थे। जिसे उन्हें लुधियाना ले जाना था। गुप्ता के अनुसार महिलाओं की बताई कहानी की पुष्टि के लिए लुधियाना पुलिस से संपर्क किया है। उनके रिकॉर्ड की जानकारी मांगी है।









