ड्रेसकोड और सीमित संख्या में बाबा महाकाल की सवारी में शामिल होंगे भजन मंडलियों के सदस्य

महाकाल लोक के कंट्रोल रूम में हुई भजन मंडलियों की बैठक, झांकी, शोभा रथ, डीजे प्रतिबंधित

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। भगवान महाकाल की सवारियों में शामिल होने वाली भजन मंडलियों की बैठक मंगलवार को श्री महाकाल लोक के कंट्रोल रूम में हुई। इसमें श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के उपप्रशासक एसएन सोनी, सिम्मी यादव, सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल, गिरीश तिवारी और विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी सुरक्षा जयंत राठौर ने सभी 9 भजन मंडलियों को निर्देशित किया गया कि सभी सीमित संख्या में और ड्रेस कोड में सवारी में शामिल होंगे।
सवारी में झांकी, शोभा रथ, डीजे आदि प्रतिबंधित रहेंगे। सवारी में अधिकृत भजन मंडलियां को ही एंट्री मिलेगी भजन मंडलियों का स्वरूप सवारी के वैभव अनुरूप होना चाहिए। कोई भी व्यक्ति नशा या अन्य मादक पदार्थ का सेवन कर ना आए, ऐसा पाए जाने पर संबंधित मंडली को बाहर कर दिया जाएगा। सवारी में शामिल होने वाली अनुमति प्राप्त भजन मंडलियों को निर्धारित समय से पहले आना होगा।
मंत्रों का चयन कर क्रम का निर्धारण किया
श्रावण एवं भादौ माह में निकलने वाली भगवान महाकाल की सवारियों अलग-अलग थीम पर निकलेंगी। १४ जुलाई को निकलने वाली पहली सवारी में वैदिक उद्घोष किया जाएगा। सवारी का रामघाट पर पूजन के दौरान 500 से अधिक वैदिक बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रों का उद्घोष किया जाएगा। दत्त अखाड़ा और रामघाट पर 25 गुरुकुल के 500 से अधिक बटुक मौजूद रहेंगे। मंगलवार को इन गुरुकुलों के प्रबंधक एवं आचार्यों को भी बैठक में निर्देश दिए गए। इस दौरान मंत्रों का चयन कर उनके क्रम का निर्धारण भी किया गया। बटुकों को दत्त अखाड़ा और रामघाट पर पहुंचाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा बसों की व्यवस्था की जाएगी।
इस दिन निकलेगी सवारी
पहली सवारी 14 जुलाई को निकलेगी। इसी तरह दूसरी सवारी 21 जुलाई, तीसरी 28 जुलाई, चौथी 4 अगस्त, पांचवीं 11 अगस्त और राजसी सवारी 18 अगस्त को निकाली जाएगी।









