50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किया फव्वारा स्नान, पनौती के रूप में छोड़े जूते और कपड़े

शनिश्चरी अमावस्या… त्रिवेणी पर आस्था का महासंगम, डिजिटल दान के लिए क्यूआर कोड

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शनिश्चरी अमावस्या पर शनिवार को त्रिवेणी पर आस्था का महासंगम नजर आया। सुबह १० बजे तक ५० हजार से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके थे। खास बात यह थी कि डुबकी लगाने की बजाय स्नान के लिए फव्वारों की व्यवस्था की गई थी। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने अपने जूते और कपड़ों को पनौती के रूप में घाट पर ही छोड़ दिया। जिसे नगर निगम के सफाई कर्मचारी एकत्रित करते रहे। इसके बाद उन्होंने भगवान शनिदेव के दर्शन कर तेल चढ़ाया। इस दौरान दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। दरअसल, स्नान के लिए एक दिन पहले शुक्रवार रात से ही आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने रात १२ बजे से ही स्नान शुरू कर दिया। हालत यह थी कि सुबह ७ बजे घाट पर पैर रखने की जगह भी नहीं थी।
जूते-चप्पल के ढेर
स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पनौती के तौर पर अपने जूते-चप्पल और कपड़े घाट पर ही छोड़ दिए जिसके कारण जगह-जगह इनके ढेर लग गए। इन्हें नगर निगम के सफाईकर्मी एकत्रित करते रहे। पनौती के रूप में जूते-चप्पल और कपड़े छोडऩे के लिए अनाउंसमेंट भी किया जाता रहा।
दान के लिए क्यूआर
इस बार मंदिर में दानपेटियों की अपेक्षा श्रद्धालुओं ने डिजिटल दान दिया। इसके लिए जगह-जगह क्यूआर कोड लगाए गए थे, इसकी जानकारी देने के लिए माइक से अनाउंसमेंट भी होता रहा। श्रद्धालुओं ने क्यूआर कोड स्कैन कर क्षमतानुसार दान किया।
पोहे और पूड़ी-सब्जी
श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के बाहर जगह-जगह भंडारे लगाए गए थे। जहां श्रद्धालुओं को सुबह नाश्ते के रूप में पोहे मिले और फिर भोजन के रूप में गर्मागर्म पूड़ी-सब्जी परोसी गई। भारी तादाद में श्रद्धालुओं ने इसका लुत्फ लिया। अलग-अलग समूह में श्रद्धालु बैठकर भोजन करते नजर आए।
पुलिस की आंखों के आगे से दो बाइक चोरी
होटल रूद्राक्ष के सामने रोड के दूसरी ओर वाहन पार्क किए जा रहे थे। यहां एसआई और ट्रैफिक पुलिस के जवान की ड्यूटी थी। इस दौरान पुलिस की आंखों के सामने से दो बाइक चोरी हो गई लेकिन उन्हें भनक तक नहीं लगी। जब लोग बाइक पार्क कर रहे तो एसआई बोले- अपनी रिस्क पर रखना, यहां से दो बाइक चोरी हो चुकी है।
परिसर में युवक की जेब से रुपए निकाले
मंदिर परिसर में शाजापुर के ग्राम पचोला निवासी सोनू पिता हिंदू सिंह सोलंकी की जेब से अज्ञात शख्स ने ७७५० रुपए निकाल लिए। वह दादा-दादी के साथ आया था। इसकी शिकायत पुलिस को की जिसके बाद अनाउंसमेंट किया गया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मी ने कहा जैसा कर्म करोगा वैसा फल मिलेगा। कोई सज्जन व्यक्ति होगा तो दे जाएगा वरना हम क्या करें। इस पर सोनू ने कहा उसके पास घर जाने के रुपए भी नहीं बचे।
मेडिकल टीम तैनात- गर्मी को देखते हुए मंदिर परिसर में चिकित्सा केंद्र बनाया गया है ताकि यदि किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ती है तो उसे तुरंत उपचार दिया जा सके।
इंदौर रोड पर रेंगते रहे वाहन – इधर, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते इंदौर रोड पर समय-समय पर जाम लगता रहा। जिसके कारण वाहन रेंगते हुए निकलते रहे।









