मां तुम यहीं बैठना, हम आती हैं, लौटी तो नहीं मिली मां…

पुलिस ने बिछड़ी मां-बेटियों को स्टेशन पर मिलवाया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अनूपपुर के वेंकट नगर से महाकाल दर्शन के लिए आई 65 वर्षीय भगवनिया केवट अपनी बेटियों से बिछड़ गईं। वह अपनी दो बेटियों दुर्गा और कुसुम के साथ मंदिर आई थीं।
दुर्गा ने बताया कि दर्शन के बाद दोपहर 2:30 बजे वह मां को एक दुकान के पास बैठाकर मोबाइल लेने गई। करीब एक घंटे बाद जब वह वापस लौटी तो मां वहां नहीं थीं। दोनों बहनें मां को खोजते हुए रोते हुए महाकाल थाने पहुंचीं। एसआई चंद्रभान सिंह चौहान ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने मोटरसाइकिल से क्षेत्र में तलाश की।
सीसीटीवी फुटेज देखे और अनाउंसमेंट भी करवाया। पुलिस को भगवनिया रेलवे स्टेशन पर मिलीं। उन्होंने बताया कि बेटियों के देर तक न लौटने पर उन्हें लगा कि वे स्टेशन चली गई होंगी। पुलिस ने दिनभर से भूखी मां और बेटियों को अन्न क्षेत्र में भोजन कराया। शाम को तीनों जावरा के लिए रवाना हुईं। दुर्गा ने आंसू भरी आंखों से पुलिस के सहयोग के लिए आभार जताया।









