पड़ोसी को किशोरी से हुआ प्यार इजहार के बाद मंदिर में की शादी

डेढ़ साल से गुजरात में मजदूरी कर रहे थे

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। नागझिरी थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक को पड़ोस में रहने वाली किशोरी से प्यार हो गया। दोनों घर से भागे और मंदिर में शादी कर ली। इधर परिजनों ने किशोरी के अपहरण की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। पुलिस डेढ़ साल से उन्हें तलाश कर रही थी। दो दिन पहले दोनों को गुजरात के एक गांव से पकड़कर लाई। प्रेमी अब जेल में है और प्रेग्नेट किशोरी उसके परिजनों के पास।
पुलिस ने बताया कि नूरानी मस्जिद के पास नागझिरी क्षेत्र में किशोरी चाचा मुकेश के पास रहती थी। पड़ोस में टकरावदा नागदा निवासी 20 वर्षीय राजेश पारेगी पिता रामशंकर भी रहता था। दोनों के बीच प्रेम हो गया। परिजनों को भनक लगी तो दोनों ने शादी करने की योजना बना ली। जुलाई 2023 को किशोरी घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी रिश्तेदारी व अन्य जगह तलाश की। उसका सुराग नहीं मिला तो नागझिरी थाने में उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद किशोरी की तलाश शुरू की। उसके पास मोबाइल नहीं था। पारिवारिक स्थिति की जानकारी निकाली तो पता चला कि किशोरी की मां की मृत्यु होने पर पिता ने दूसरी शादी कर ली है। इस कारण वह चाचा के घर रह रही थी।
वह मूलत: नागदा के एक गांव की रहने वाली थी। इसी आधार पर पुलिस उसके गांव पहुंची। वहां पता चला कि गांव का युवक जो नागझिरी में किराए के मकान में रहता था वह भी गायब है। पुलिस को शंका हुई। युवक के परिजनों से पूछताछ की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। असफलता मिलने के बाद भी पुलिस ने हर स्तर पर किशोरी की तलाश जारी रखी। आखिर में पुलिस को युवक का चचेरा भाई मिला जिसने एक सुराग दिया।
टापरी से पकड़ाए
पुलिस के संपर्क में राजेश पारेगी का चचेरा भाई नागदा निवासी किशन आया। उसने पुलिस को सूचना दी कि राजेश और किशोरी गुजरात में रहकर मजदूरी कर रहे हैं और टापरी बनाकर रहते हैं। इस पर पुलिस ने किशोरी के चाचा मुकेश और किशन को साथ लिया। द्वारिका जिले के खम्बोडिया पहुंची। यहां पहुंचकर दोनों को तलाश। पुलिस को पता चला था कि दोनों मजदूरी करने गए हैं और शाम को लौटेंगे। उनकी टापरी में बैठकर इंतजार किया। जैसे ही दोनों आए पुलिस ने उन्हें पकड़ा। परिवारजनों के सामने समझाईश दी और उज्जैन लेकर आए।
प्रेमी गया जेल
पुलिस ने बताया कि राजेश पारेगी और किशोरी को उज्जैन लाने के बाद दोनों का मेडिकल कराया। किशोरी दो माह की गर्भवती थी। राजेश के खिलाफ अपहरण, पास्को के केस में दुष्कर्म की धारा बढ़ाकर गिरफ्तारी ली। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।








