ज्योतिरादित्य से रिश्तों में कभी बर्फ जमी ही नहीं वह मेरे बेटे और महाआर्यन पोते के समान

किसान न्याय यात्रा के लिए उज्जैन आए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह अक्षरविश्व से विशेष चर्चा में बोले

विनोदसिंह सोमवंशी उज्जैन। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के टैरिफ का सबसे ज्यादा असर भारत के किसानों और कंपनियों पर पड़ेगा। जिस तरीके से ट्रंप के दबाव में मोदी सरकार ने कपास के आयात को मंजूरी दी है वह भारतीय कपास उत्पादकों को काफी नुकसान पहुंचाएगी। हमारी कपास की खेती और इससे जुड़े उद्योग तबाह हो जाएंगे। यह सरकार की विदेश नीति का फेलुअर है। पूर्व सीएम दिग्विजयसिंह ने शुक्रवार दोपहर सर्किट हाउस पर अक्षर विश्व से विशेष चर्चा में यह बात कही है। वह जिला कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा मेें शामिल होने के लिए शुक्रवार को दिल्ली से निजामउद्दीन ट्रेन से उज्जैन पहुंचे थे। उन्होंने देश की इकॉनामी से लेकर भीड़ तंत्र तक हर मुद्दे पर बात की।
सीआरपीएफ राहुल की सुरक्षा के लिए पर्याप्त नहीं
सीआरपीएफ द्वारा राहुल गांधी पर सुरक्षा मानकों के उल्लंघन करने के सवाल का भी सिंह ने जबाव दिया। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ राहुल गांधी की सुरक्षा करने के लिए पर्याप्त नहीं है। गांधी परिवार के एक सिटिंग प्रधानमंत्री और एक पूर्व प्रधानमंत्री की हत्या हो चुकी है। इसे देखते हुए इस परिवार को एसपीजी सुरक्षा मिलनी चाहिए। जबकि सरकार ने सुरक्षा में कटौती करते हुए जेड प्लस कर दिया है।
एसआईआर होना चाहिए, जल्दबाजी ठीक नहीं: पूर्व सीएम ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण पर कहा कि एसआईआर (स्पेशन इंटेसिव रिविजन) होना चाहिए। लेकिन इसमें जल्दबाजी ठीक नहीं। एसआईआर नई बात नहीं है। समय-समय पर होता रहा है, पर्याप्त समय भी दिया जाता रहा है। मगर बिहार मेें जिस तरह से एसआईआर किया गया वह ठीक नहीं है। वहां एसआईआर में कई गड़बडिय़ां सामने आई हैं जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए ठीक नहंी है।
सिंधिया से हमारे संबंध बहुत पुराने हैं
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ संबंधों पर जमी बर्फ पिघलने के सवाल का जबाव भी सिंह ने दिया। उन्होंने कहा कि सिंधिया से हमारे संबंध बहुत पुराने हैं। उन संबंधों पर कभी भी बर्फ नहीं जमी थी। पिघलने का तो सवाल ही नहीं उठता। ज्योतिरादित्य मेरे बेटे की तरह है और महाआर्यमन पोते की तरह। इससे पहले सर्किट हाउस पर सिंह की अगवानी स्थानीय कांग्रेस नेता ने किया। आंदोलन में शामिल होने के लिए कांग्रेस इलेक्शन कमेटी मेंबर ओमकार सिंह मरकाम (डिंडोरी विधायक) भी उज्जैन पहुंच गए थे।









