रात्रि गश्त में पुलिस को देख कार से भाग रहे 11 लोगों को पकड़ा

पुलिस ने कहा…सभी के रिकार्ड चैक कर रहे, चालान बनाएंगे

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को देखकर कार से भागने का प्रयास कर रहे 11 लोगों को महाकाल थाना पुलिस ने पकड़ा और थाने में बैठाया है।
पुलिस का कहना है सभी के आपराधिक रिकार्ड चैक करा रहे हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देर रात महाकाल थाना क्षेत्र से गुजर रही राजस्थान पासिंग मारूति इको कार में युवकों को देखकर गश्त कर रही टीम ने कार को रोकने का प्रयास किया लेकिन उसके ड्रायवर ने अपना वाहन तेजगति से चलाकर भागने का प्रयास किया।
गश्त अधिकारी द्वारा वायरलेस सेट पर सूचना देकर गश्त में लगी अन्य टीमों को अलर्ट किया जिसके बाद इको कार को पुलिस ने घेराबंदी कर रोका उसमें 6 युवक और 5 नाबालिग बैठे थे। सभी को कार सहित महाकाल थाने लाकर पूछताछ शुरू की गई। उन्होंने पुलिस को बताया कि हम लोग उज्जैन दर्शन करने आये थे।
कार में क्षमता से अधिक सवारी बैठी होने से पुलिस को देखकर डर गये थे इस कारण पुलिस से बचकर भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा सभी के आपराधिक रिकार्ड चैक किये जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यदि आपराधिक रिकार्ड नहीं मिलते हैं तो चालानी कार्रवाई की जायेगी।









