वीआईपी नहीं अब आम आदमी को भी मिल रहा प्रसाद

एग्जिट पाइंट पर दो काउंटर से बंटेगा
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। श्री महाकालेश्वर में वीआईपी को ही मिलने वाला चना-चिंरोजी, मूंगफली दाने, रेवड़ी और धानी का प्रसाद अब आम श्रद्धालुओं को भी मिलने लगा है। मंदिर प्रबंध समिति ने यह नवाचार किया है। शुक्रवार से यह सेवा शुरू हो गई।
दरअसल, पहले एक ही एग्जिट गेट होने से रैंप से ऊपर ओंकारेश्वर महादेव की तरफ आते हुए तिलक लगाकर प्रसाद बांटा जाता था। फिलहाल यह सेवा लंबे समय से बंद थी। मंदिर में आने वाले वीआईपी ही प्रसाद पाते थे।
अब मंदिर समिति ने इस व्यवस्था को फिर से शुरू कर दिया है। मंदिर के एग्जिट गेट यानी एग्जिट टनल और परिसर के एग्जिट गेट पर दो प्रसादी काउंटर खोले गए हैं। यहां से प्रसादी वितरित की जा रही है। प्रसादी को पांच साम्रगियों को मिक्स करके बनाया गया है। इसमें चिरोंजी, चने, रेवड़ी, मूंगफली दाने और धानी मिलाए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए यह नवाचार किया है।
मंदिर आने वाले हर श्रद्धालु को अब प्रसाद दिया जाएगा। इसमें पांच तरह की सामग्री रहेगी। प्रसादी वितरण के लिए दो काउंटर खोले गए हैं। यह एग्जिट गेट के पास रहेंगे। सिम्मी यादव,उप प्रशासक महाकाल मंदिर प्रबंध समिति
श्री महाकाल अन्नक्षेत्र में भक्त ने दिए 2.25 लाख रुपए के बर्तन
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर अन्नक्षेत्र में मुंबई के भक्त ने 2.25 लाख रुपए के बर्तन दान किए हैं। दरअसल, मुंबई के नरेंद्र मेहता एवं सुमन मेहता बाबा महाकाल के भक्त हैं। वे अन्नक्षेत्र में भी आते-जाते रहते हैं। अन्नक्षेत्र की व्यवस्था के संचालन के लिए उन्होंने यह बर्तन दिए हैं। मंदिर समिति ने दानदाता का सम्मान किया।









