कार्य में बरती लापरवाही: पीएचई, नान अधिकारी व मंडी सचिव को नोटिस जारी

कलेक्टर ने संकुल भवन में समयावधि पत्रों की समीक्षा कर दिखाई सख्ती

बारिश के दौरान जब पानी पुल पर हो तो पार न करें
नवीन प्रवेशी विद्यार्थियों को बैग-पुस्तकें दी जाएगी
आयुष्मान कार्ड के लिए शिविर लगाया जाएगा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सोमवार सुबह सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल भवन स्थित कलेक्टर कार्यालय सभागृह में समयावधि पत्रों की समीक्षा की। कार्य में लापरवाही बरतने पर पीएचई ग्रामीण के कार्यपालन यंत्री केदारङ्क्षसह खत्री, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला अधिकारी नरसिंह पंवार और मंडी सचिव अश्विन सिन्हा को नोटिस जारी करने का आदेश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों की जनपदवार समीक्षा की। कलेक्टर ने घट्टिया जनपद सीईओ को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नगर निगम और जिले के अन्य नगरीय निकाय के अभियान अंतर्गत कार्यों की समीक्षा कर लक्ष्यानुसार समय पर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। कार्ययोजना में पौधारोपण पश्चात प्रत्येक माह में रोपित पौधों के फोटो खींचकर पोर्टल पर अपडेट करने और पौधों के रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बाढ़ आपदा नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभागों द्वारा तय कार्य करने के निर्देश दिए। बारिश के दौरान जब पानी पुल, पुलिया, रपटे के ऊपर से बह रहा हो तब यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई उसको पार ना करें। इसके साथ ही आवश्यक बैरिकेडिंग व संकेतक लगाना सुनिश्चित किया जाए। सभी प्रमुख नालों की साफ-सफाई बारिश के पूर्व करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरूप सभी शालाओं में नवीन प्रवेश विद्यार्थियों को बैग और पाठ्यपुस्तक त्वरित वितरित कर इस कार्य में जन प्रतिनिधियों को भी शामिल करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा 70 वर्ष से अधिक आयु वाले नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए जन प्रतिनिधियों से समन्वय कर कैंप लगाकर अभियान के रुप में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। ई-केवाईसी के कार्य में तेजी लाकर जून माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए, बारिश में निराश्रित गोवंशों को गोशालाओं में रखने की तैयारियां की जाए। सडक़ दुर्घटनाओं में घायलों के उपचार के लिए राहवीर योजना के प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग सभी अस्पतालों की बैठक लेकर अस्पतालों को जानकारी दे कि दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन आवर्स’ में सभी अस्पताल घायल का इलाज तत्काल करें, जिससे सडक़ दुर्घटना में घायलों की मृत्यु में कमी लाई जा सके। सडक़ दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को योजना अंतर्गत पुरस्कृत भी किया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ जयति सिंह, एडीएम प्रथम कौशिक, नगर निगम आयुक्त आशीष पाठक, स्मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा और अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएम हेल्पलाइन में प्रथम स्थान पर रहने पर सराहना
बैठक में कलेक्टर द्वारा सीएम हेल्पलाइन शिकायत निराकरण की विभागवार और तहसीलवार समीक्षा की गई। संतुष्टि पूर्वक शिकायत निराकरण में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कलेक्टर द्वारा अधिकारियों को सराहा गया। साथ ही वन, कृषि और श्रम विभाग को शिकायत निराकरण में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन शिकायत निराकरण में 50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों के इस सप्ताह निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर द्वारा समयावधि पत्रों की समीक्षा की गई।









