एनक्यूएस टीम चरक अस्पताल पहुंची दो दिनों में 700 पाइंट्स पर होगी जांच

विभागों के नंबर सुधारने की बात कही, स्टाफ से ली जानकारी

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। पहले से नेशनल क्वालिटी स्टेण्डर्ड प्राप्त चरक अस्पताल का निरीक्षण करने राज्य स्तरीय डॉक्टर्स की टीम सुबह यहां पहुंची। सीएमएचओ, सिविल सर्जन, आरएमओ व अस्पताल स्टाफ के साथ टीम ने अस्पताल के विभिन्न विभागों में पहुंचकर निरीक्षण किया व जानकारी प्राप्त की।
सिविल सर्जन डॉ. अजय दिवाकर ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को उच्च क्वालिटी की सुविधा एवं उपचार प्राप्त हो इसे लेकर प्रति वर्ष राज्य सरकार द्वारा क्वालिटी स्टेंडर्ड एश्योरेंस कराया जाता है और रेंकिंग के साथ आर्थिक अनुदान भी दिया जाता है। चरक अस्पताल पहले से क्वालिटी एश्योरेंस स्टेंडर्ड प्राप्त है।
इस वर्ष शासन द्वारा फिर से असेसमेंट कराया जा रहा है। इसी के चलते डॉ. माधव हसानी और डॉ. सौरभ मंडवारिया अस्पताल की व्यवस्थाओं का आंकलन निरीक्षण करने पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा प्रदेश के सभी शासकीय जिला अस्पतालों में इस प्रकार का असेसमेंट प्रतिवर्ष कराया जाता है।
स्टाफ रहा अलर्ट
डॉक्टर्स व स्टाफ एप्रीन पहनकर अलर्ट मोड में रहे। सफाईकर्मी सुबह से 6 मंजिला चरक अस्पताल के कौने-कौने की सफाई कर रहे थे। यहां मशीनों से भी सफाई चल रही थी। मरीजों के स्ट्रेचर, व्हील चेयर भी निर्धारित स्थान पर रखे थे। डॉक्टर्स अपने अपने विभागों में पूरे समय मौजूद रहे।
ठीक करें विभागों की नंबरिंग
मेडिसिटी मेडिकल कॉलेज निर्माण का भूमि पूजन होने से पहले जिला चिकित्सालय के वार्डों और विभागों को चरक अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। इस कारण चरक अस्पताल के विभागों पर पूर्व से लिखे गए नंबर उलट पुलट हो गए हैं। सिविल सर्जन डॉ. दिवाकर द्वारा टीम को इसकी जानकारी पूर्व से ही दे दी गई थी। डॉ. हसानी ने उक्त नंबरों को फिर से लिखवाने की बात कही।
दो दिन चलेगा निरीक्षण
नक्यूएएस टीम के डॉ. माधव भसानी ने चर्चा में कहा कि शासन के निर्देश पर अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधा और उपचार की जांच करने आए हैं। करीब 700 पाइंट्स पर निरीक्षण किया जाना है। निरीक्षण दो दिनों तक चलेगा।








