20 वर्ष पहले साधु बने वृद्ध की मौत, डायरी में मिले बेटे के नंबर से हुई शिनाख्त

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मोरूखेड़ी मक्सी में रहने वाला व्यक्ति घर छोडक़र 20 वर्ष पहले साधु बन गया और उज्जैन के रामघाट क्षेत्र में रह रहा था। दो दिन पहले उसकी तबियत बिगड़ी तो लोगों ने साधु को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां साधु की मृत्यु हो गई। महाकाल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया।

पुलिस ने बताया कि अज्ञात साधु को लोगों ने दो दिन पहले जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था जहां उपचार के दौरान उसकी कल मृत्यु हो गई। साधु के पास से मिली डायरी में लिखे बेटे लेखन सिंह के मोबाइल नंबर से मृतक की पहचान रायसिंह पिता रामसिंह 55 वर्ष निवासी मोरूखेड़ी मक्सी के रूप में हुई।
लखन सिंह ने बताया कि उसके पिता 20 वर्ष पहले घर से चले गये थे और साधु बन गये थे। वह उज्जैन में रामघाट क्षेत्र में रहते थे लेकिन वापस घर नहीं लौटे। पिछले वर्ष परिजनों को मिले थे जिसके बाद कोई संपर्क नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि रायसिंह की बीमारी के चलते मृत्यु हुई है।









