रक्षाबंधन पर भोग के लिए महाकाल मंदिर में सवा लाख लड्डू बनना शुरू

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में हर साल की तरह 9 अगस्त को रक्षाबंधन पर सवा लाख लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। इसे बाद में दर्शनार्थियों में वितरित किया जाता है। बुधवार सुबह लड्डू निर्माण का काम मंदिर मेें प्रारंभ हो गया है।

मंदिर के पुजारी परिवार द्वारा यह आयोजन किया जाता है। इस बार पं. अमर पुजारी परिवार द्वारा लड्डू निर्माण कराया जा रहा है। भट्टी पूजन के बाद शिखर दर्शन के नीचे स्थित अभिषेक स्थल पर लड्डू बनाने का काम शुरू हुआ। यह लड्डू देसी घी, बेसन, और ड्रायफ्रूट्स से बनाए जाते हैं। रक्षाबंधन के दिन सुबह पुजारी परिवार भगवान महाकाल को राखी बांधकर प्रसाद अर्पित करेगा। शहर में सबसे पहले पुजारी परिवार की महिलाएं भस्मार्ती में भगवान महाकाल को राखी बांधती हैं। उसके बाद शहर में रक्षाबंधन पर्व मनाने का क्रम शुरू होने की परंपरा है।








