शनि मंदिर में फिसलकर पंचकोशी यात्री महिला घायल, तबीयत बिगड़ी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और तपती धूप में पंचकोशी कोई आसान यात्रा नहीं, लेकिन श्रद्धा और भक्ति के दम पर हर उम्र वर्ग के हजारों लोग इस यात्रा को पूर्ण करते हैं। दो दिन पहले यात्रा पर निकले लोग दूसरे पड़ाव शनि मंदिर त्रिवेणी पर पहुंच गए हैं। यहां सुबह मंदिर परिसर में फिसलने से एक महिला गिरकर घायल हो गई। वृद्धा की तबियत बिगड़ी तो परिजन उन्हें चरक अस्पताल लेकर पहुंचे।

सावित्राबाई पति मानसिंह निवासी बोलाई शाजापुर ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले पंचकोशी यात्रा शुरू की थी। नागचंद्रेश्वर भगवान से बल लेकर पहले पड़ाव पिंगलेश्वर पहुंचे और यहां से रात 12 बजे दूसरे पड़ाव शनि मंदिर पहुंच गए थे। सुबह नदी में स्नान के बाद मंदिर परिसर में दर्शनों के लिए जा रही थी तभी पैर फिसल गया जिससे कमर, हाथ और घुटने में चोंटे आईं। उनके साथ आए दयाराम और सौरमबाई ने सावित्राबाई की मदद की। उन्हें चरक अस्पताल लेकर आए। इसी पड़ाव पर रेशमबाई पति मानसिंह 60 वर्ष निवासी वानीखेड़ी जावरा भी पहुंची थीं। अचानक उन्हें घबराहट, चक्कर और बुखार हो गया। देवरानी विमल कुंवर उन्हें लेकर चरक अस्पताल पहुंची। डॉक्टर ने दोनों महिलाओं को वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया। महिलाओं ने बताया कि वह वर्षों से पंचकोशी यात्रा में शामिल होती हैं।









