Advertisement

पिकनिक बनी मातम का कारण, 2 शिक्षक और छात्र की डूबने से मौत

रतलाम। रतलाम से करीब 11 किलोमीटर दूर पैराडाइज वैली पिकनिक स्पॉट पर रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। पानी में डूबने से दो शिक्षकों और कक्षा 7वीं के एक छात्र की मौत हो गई। हादसे में कक्षा 9वीं की एक छात्रा को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे इलाज के लिए रतलाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Advertisement

म्यूजिक ग्रुप के छात्र पिकनिक पर पहुंचे थे

जानकारी के अनुसार, जावरा के त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल की कक्षा 7वीं और 9वीं के छात्र-छात्राएं रविवार सुबह बस से पैराडाइज वैली पहुंचे थे। सभी विद्यार्थी स्कूल के म्यूजिक ग्रुप से जुड़े हुए थे। बच्चों के साथ स्कूल के प्रिंसिपल संदीप सक्सेना सहित शिक्षक शिवम राठौर, विजय सिंह राठौर, परवेज खान, प्रिंस मोदी और लेखापाल विजेंद्र सिंह भी मौजूद थे।

Advertisement

पानी के पास खेलते समय फिसला पैर

दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच कुछ बच्चे पानी के पास खेल रहे थे। इसी दौरान कक्षा 7वीं के छात्र हर्षित पाटीदार (12) और कक्षा 9वीं की छात्रा खुशी (15) का अचानक पैर फिसल गया। दोनों पानी में गिर गए और डूबने लगे।

Advertisement

बच्चों को बचाने पानी में उतरे शिक्षक

बच्चों को डूबता देख शिक्षक प्रिंस मोदी (22) और विजय सिंह राठौर (42) उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गए। शिक्षक खुशी को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहे, लेकिन हर्षित को बचाने की कोशिश में दोनों शिक्षक भी गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

ग्रामीणों ने बाहर निकाले शव

बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पानी में तलाश कर हर्षित और दोनों शिक्षकों को बाहर निकाला। तीनों को सीपीआर देने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। एसडीईआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने तीनों को पानी से बाहर निकाल लिया था।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के बाद तीनों के शव रतलाम मेडिकल कॉलेज लाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। बाद में शवों को स्कूल बस से जावरा भेजा गया। दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें