पीएम मोदी, राष्ट्रपति मुर्मू और अमित शाह ने महिला क्रिकेट टीम को शानदार अंदाज में दी बधाई

पीएम मोदी ने एशिया कप जीतने पर अलग अंदाज में दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखते हुए कहा कि “भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल! एशिया कप जीतने पर महिला टीम को बधाई। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनका आत्मविश्वास, निरंतरता और शानदार जज्बा देखने को मिला। यह जीत देश भर के लाखों युवाओं को और ज्यादा खेलने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करे।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दी जीत की बधाई
इस बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी बधाई देते हुए लिखा कि “महिला T20 एशिया कप चैंपियनशिप 2026 जीतने पर टीम इंडिया के सभी सदस्यों को मेरी ओर से बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में एक टीम के तौर पर शानदार खेल दिखाया और सभी मैच जीते। उन्होंने देश का मान बढ़ाया है। वे हमारे युवाओं, खासकर हमारी बेटियों के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत हैं। मुझे यकीन है कि वे सफलता और बेहतरीन प्रदर्शन की और भी कई प्रेरणादायक कहानियां रचेंगी।”
अमित शाह ने दी बधाई
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बधाई देते हुए लिखा कि ” भारत ने एशियाई क्रिकेट में एक और उपलब्धि हासिल की है। आठवीं बार महिला एशिया कप का खिताब जीतने पर हमारी चैंपियन खिलाड़ियों को बहुत-बहुत बधाई। पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार दबदबे से आपने देश को रोमांचित किया है और लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त किया है।”
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 72 रनों से हराया
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 72 रनों से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार महिला एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। टीम इंडिया ने 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 183 रन का विशाल स्कोर बनाया।
सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने ताबड़तोड़ 68 रन और स्मृति मंधाना ने शानदार 59 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 129 रनों की साझदारी की। वहीं, 184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी और 20 ओवरों में 111 रन पर ढेर हो गई।









