फ्रीगंज ओवरब्रिज के लिए मेहसाणा से मंगाया प्लांट, पोकलेन

नया फोरलेन ब्रिज बनाने की तैयारी, तकनीकी डिजाइन भी तैयार

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। फ्रीगंज में नया फोरलेन ब्रिज बनाने के लिए गुजरात की ठेकेदार कंपनी ने तैयारी तेज कर दी है। तकनीकी डिजाइन को हरी झंडी मिलने से पहले मशीनरी जुटाई जा रही है। इसी क्रम में मेहसाणा (गुजरात) से एक प्लांट और पोकलेन मंगाई गई है ताकि निर्माण कार्य तेजी से किया जा सके।
फ्रीगंज में चामुंडामाता मंदिर चौराहे से नगर निगम के नगर वन तरफ से ओवरब्रिज बनना शुरू होगा और ग्रांड होटल के सामने इसका दूसरा सिरा होगा। होटल ग्रांड टॉवर के आगे तक यह बनेगा, जहां पहले एक पेट्रोल पंप था। अब वह बंद हो गया है। ब्रिज की सर्विस रोड के लिए ग्रांड होटल की बाउंड्रीवाल भी तोडऩा पड़ेगी।
इसके लिए भी प्रक्रिया चल रही है। सूत्रों के अनुसार ठेकेदार कंपनी चेतन कंस्ट्रक्शन ने जीएडी तैयार कर विभाग को स्वीकृति के लिए भेज दी है। इसकी अनुमति मिलने के बाद काम शुरू किया जा सकेगा। हालांकि ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होने में करीब दो माह का समय लग सकता है। सितंबर या अक्टूबर से ही काम रफ्तार पकड़ सकेगा। फिलहाल साइट पर मशीनरी आने से लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं, लेकिन ब्रिज की राह के अन्य निर्माण हटने और पीएचई की पेयजल लाइन शिफ्ट होने में भी वक्त लगेगा।









