पुलिस ने विशाखा समिति की जांच रिपोर्ट के लिए आयुक्त को लिखा पत्र

मामला : ननि के प्रभारी संविदा कार्यपालन यंत्री पीयूष भार्गव द्वारा महिला उपयंत्री से आपत्तिजनक व्यवहार का

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नगर निगम के संविदा कार्यपालन यंत्री द्वारा महिला उपयंत्री के साथ आपत्तिजनक व्यवहार, उन्हें व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज करने व रात के समय घर बुलाने की रिपोर्ट महिला थाने में दर्ज हो चुकी है। आयुक्त द्वारा मामले की जांच विशाखा समिति को सौंपी गई है। अब पुलिस ने अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए विशाखा समिति की रिपोर्ट नगर निगम आयुक्त से तलब की है।
यह था मामला
नगर निगम में उपयंत्री के पद से पीयूष भार्गव को शासन ने कार्य की आवश्यकता के मद्देनजर एक वर्ष की संविदा नियुक्ति पर नगर निगम में पदस्थ किया था। खास बात यह कि उपयंत्री के पद से रिटायर्ड भार्गव को कार्यपालन यंत्री का दायित्व भी सौंपा गया। वह इसी हैसियत से नगर निगम के सिंहस्थ महापर्व के बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहा था। इसी बीच भार्गव के द्वारा महिला उपयंत्री के साथ अश्लील वार्तालाप शुरू किया गया। आपत्तिजनक बातें करने के साथ ही वह व्हाट्सएप व फोन पर अनर्गल बातें करने लगा। भार्गव की हरकतों से परेशान होकर महिला उपयंत्री ने नगर निगम आयुक्त को शिकायती आवेदन दिया। आयुक्त आशीष पाठक ने मामले की जांच विशाखा समिति को सौंपी थी।
पुलिस ने दर्ज किया था केस
महिला उपयंत्री ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर भार्गव के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया, इसी की एक प्रतिलिपि महिला थाने में दी थी। महिला थाना पुलिस ने उपयंत्री के बयान दर्ज कर पीयूष भार्गव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए, जबकि दूसरी ओर विशाखा समिति की जांच भी प्रचलित रही। हालांकि इस समिति ने अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट आयुक्त, महापौर को सौंप दी है, लेकिन रिपोर्ट में क्या सामने आया इस पर कोई भी टिप्पणी नहीं कर रहा है।
यह लिखा था आवेदन में
महिला उपयंत्री ने पुलिस को दिए आवेदन में उल्लेख किया था कि नगर पालिक निगम उज्जैन में कार्यपालन यंत्री पीयूष भार्गव द्वारा मुझसे निरंतर व्हाट्सएप, फोन एवं समक्ष में आपत्तिजनक बातें की जा रही है। मोबाइल पर इनके द्वारा बातचीत का रिकार्ड शिकायत पत्र के साथ संलग्न कर रही हूं जिसमें विरोध करने के बावजूद उनके द्वारा कहा गया कि तुम्हारी याद आ रही थी इसलिए फोन किया। अन्य साथी मनोज राजवानी झोनल अधिकारी एवं मुकुल मेश्राम उपयंत्री के माध्यम से मुझे रात 9 बजे घर बुलवाया जो कि मेरे द्वारा मना किया। व्हाट्सएप चेट में वे मीसिंग यू लिख रहे हैं। मेरे विरोध करने पर उन्होंने डीलिट करने का मैसेज किया। पीयूष भार्गव द्वारा कई बार कहा गया कि मैं तुमसे फिजीकल रिलेशन बनाना चाहता हूं। तुम कब तैयार हो, मैं तुम्हारा इंतजार करूंगा। मना करने के बाद भी बेशर्मी खत्म नहीं हो रही है।
चैट, वाइस की फोरेंसिक जांच होगी
पीयूष भार्गव के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद पुलिस अफसरों का कहना था कि महिला उपयंत्री द्वारा पुलिस को दी गई कॉल रिकार्डिंग, व्हाट्सएप चैट की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। हालांकि पुलिस द्वारा इसकी जांच अब तक पूर्ण कराई है या नहीं इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है।
इनका कहना
पीयूष भार्गव के खिलाफ नगर निगम की विशाखा समिति जांच कर रही है। समिति की रिपोर्ट का इंतजार है। इसके लिए आयुक्त नगर निगम को पत्र लिख चुके हैं। पुलिस इसी रिपोर्ट के आधार पर अपनी जांच आगे बढ़ाएगी।
लीला सोलंकी, टीआई महिला थाना









