तैयारी सिंहस्थ की: पीपलीनाका से जेल चौराहे तक शहर का पहला सिक्स लेन बनाया जाएगा

मास्टर प्लान के तहत 89.90 करोड़ की योजना बनाई शासन ने

स्कूल, मकान, आश्रम गोशाला और धार्मिक स्थल हैं मार्ग में
उज्जैन। शासन-प्रशासन की मंशा है कि सिंहस्थ में वैष्णव अखाड़ों की पेशवाई के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए चौड़े मार्ग का प्रबंध करने के अलावा काल भैरव मंदिर-शिप्रा नदी और उन्हेल रोड से कनेक्टिविटी भी हो। इसी मद्देनगर मास्टर प्लान के तहत पीपलीनाका से भैरवगढ़ जेल चौराहा तक पहला सिक्स लेन बनाया जाएगा। ढाई किमी लंबे इस रूट के विस्तार में करीब 175 मकान-दुकान आदि प्रभावित होंगे। चौड़ीकरण से जुड़े इस प्रोजेक्ट में करीब 87.90 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। शासन ने इस प्रोजेक्ट को स्वीकृति दे दी है।
सिक्स लेन वाले इस रूट में महावीर नगर, जानकी नगर, ज्ञान टेकरी, गायत्री नगर, लक्ष्मी नगर, मोती नगर, वीर सावरकर प्याऊ मार्ग के रहवासी प्रभावित होंगे। मार्ग में मकान व दुकानों के अलावा 4 आश्रम, 3 गोशाला, 2 स्कूल व धार्मिक स्थल के अलावा खेती की जमीन भी है। इनमें से अधिकांश कॉलोनी सिंहस्थ क्षेत्र में ही हैं।
नोडल एजेंसी यूडीए को बनाया
मार्ग के विस्तारीकरण के लिए नोडल एजेंसी यूडीए को बनाया गया है। शासन की पर्यवेक्षण समिति से इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिलने के बाद जिम्मेदार इसके लिए आगे की प्रक्रिया पूरी करवाने में जुट गए हैं। माना जा रहा है कि बारिश में मार्ग पर प्राथमिक के बाद फाइनल सर्वे भी पूरा कर लिया जाएगा। प्रयास यही है कि अक्टूबर तक विस्तारीकरण का काम शुरू हो जाए।
क्षेत्र के रहवासियों में हडक़ंप मचा
सिक्स लेन की योजना से प्रभावित होने वाले रहवासियों व व्यापारियों में हडक़ंप मचा हुआ है। उनका कहना है कि इस रूट से पेशवाई नहीं निकलती हैं तो फिर इसे इतना ज्यादा चौड़ा करने की क्या जरूरत है। इस मार्ग के लोग विस्तारीकरण नहीं चाहते हैं। वे यह भी कहते हैं कि यदि मार्ग को चौड़ा करना बहुत जरूरी ही हैं तो इसे प्रस्तावित 45 मीटर से कम किया जाए। इसके लिए क्षेत्र की जनता से जिम्मेदार आकर चर्चा करें। इस प्रोजेक्ट को लेकर लोग सीएम डॉ. मोहन यादव के सामने अपना पक्ष रखने की तैयारी कर रहे हैं।
पर्यवेक्षण समिति की बैठक में स्वीकृति
प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में पर्यवेक्षण समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिली है। शासन के आदेश का पालन करेंगे।
रौशन कुमार सिंह, कलेक्टर









