इंदौर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, ओंकारेश्वर दर्शन के साथ शुरू हुआ 5 दिवसीय दौरा
एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया स्वागत, ओंकारेश्वर दर्शन के साथ शुरू हुआ दौरा; इंदौर-ओंकारेश्वर में कड़ी सुरक्षा और ट्रैफिक डायवर्जन लागू

इंदौर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को अपने पांच दिवसीय मध्यप्रदेश दौरे पर इंदौर पहुंचीं। देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनका आत्मीय स्वागत किया। राष्ट्रपति के आगमन के साथ ही प्रदेश में उनके आधिकारिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया।

इंदौर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू सीधे ओंकारेश्वर रवाना हुईं, जहां उन्होंने ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन और पूजा-अर्चना की। उनके दौरे को लेकर इंदौर और ओंकारेश्वर दोनों स्थानों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर स्थित वीर हनुमान मंदिर परिसर की ऐतिहासिक बावड़ी का भी अवलोकन किया।
राष्ट्रपति का मध्यप्रदेश दौरा 18 से 22 जून तक चलेगा। 19 जून को वे अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके अलावा ग्वालियर और श्योपुर में आयोजित विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों में भी उनकी सहभागिता प्रस्तावित है।
ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग पार्किंग और परिवहन व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की है।राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र को ‘नो-फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है। वहीं 17 से 19 जून तक कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
भारी वाहनों का रूट बदला
- इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
- इंदौर से खंडवा जाने वाले वाहन तेजाजी नगर, महू, मानपुर, धामनोद, खरगोन, भीकनगांव और देशगांव होकर जाएंगे।
- सिमरोल, बड़वाह और मंडलेश्वर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
- खंडवा से इंदौर आने वाले भारी वाहन भीकनगांव, खरगोन और कसरावद मार्ग से संचालित होंगे।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
- 18 और 19 जून को ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा।
- इंदौर, खंडवा और मूंदी की ओर से आने वाले वाहन तय रूट से ट्रेंचिंग ग्राउंड और ताम्रकर पार्किंग तक पहुंचेंगे।
- पार्किंग स्थल से श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक जाना होगा।
बसों के लिए व्यवस्था
- इंदौर और खंडवा से आने वाली बसें मोरटक्का में पार्क की जाएंगी।
- मोरटक्का से लोक परिवहन के माध्यम से श्रद्धालुओं को ओंकारेश्वर पहुंचाया जाएगा।
- नियमित रूट की बसों को पी-01 पार्किंग तक भेजा जाएगा, इसके आगे पैदल जाना होगा।
कुछ मार्ग नो-व्हीकल जोन रहेंगे
- राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने के दौरान कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
- वीवीआईपी मूवमेंट पूरा होने के बाद यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
- सुरक्षा कारणों से कुछ स्थानों पर समय-समय पर ट्रैफिक रोका जा सकता है।
प्रशासन की अपील
- ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें।
- यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
- पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
-
वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक भीड़ से बचें।
Advertisement









