सर्वे में अटका उज्जैन में एयरपोर्ट बनाने का प्रोजेक्ट

अब एमपीआरडीसी कर रहा सर्वे नहीं मिल रही जमीन

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। महाकाल नगरी उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाने का प्रोजेक्ट फिलहाल सर्वे में अटक गया है। जमीन के लिए सर्वे का काम मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम को सौंपा गया है, लेकिन उसे भी अभी एयरपोर्ट के अनुकूल जमीन नहीं मिल सकी है। बहरहाल, सदावल में नया हेलीपैड बनाने की तैयारी तेज हो गई है। हेलीपैड की नई डिजाइन फाइनल हो गई है। उज्जैन में एयरपोर्ट बनाने के लिए विमानन विभाग करीब 250 एकड़ जमीन की तलाश में है। इसके लिए सर्वे का काम एमपीआरडीसी को सौंपा गया है। एमपीआरडीसी ने सर्वे तो किया है लेकिन अभी उसे एयरपोर्ट के अनुकूल जमीन नहीं मिल सकी है। दताना हवाईपट्टी का विमानन विभाग द्वारा निरीक्षण किया जा चुका है। अभी देवास रोड पर दताना में हवाई पट्टी है लेकिन बड़े विमान यहां लैंड नहीं हो सकते।
सदावल में हेलीपैड की तैयारी तेज
बड़नगर रोड पर सिंहस्थ क्षेत्र में सदावल के पास हेलीपैड बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने नई डिजाइन तैयार कर ली है। हाल ही कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने हेलीपैड का निरीक्षण कर डिजाइन में संशोधन करने का निर्देश दिया था। सदावल में चार हेलिकॉप्टर एक साथ लैंड कर सकेंगे। एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर की भी लैंडिंग हो सके, इसके लिए हेलीपैड को गोलाकार की जगह आयताकार होगा। सर्वे किया है
एयरपोर्ट के लिए जमीन का सर्वे किया है, लेकिन
अभी अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सके हैं। –एस के मनवानी, संभागीय प्रबंधक एमपीआरडीसी, उज्जैन








