खड़े हनुमान मंदिर पहुंचीं साध्वी हर्षा नंद गिरी

बोलीं- मंदिर छोड़कर विकास करे प्रशासन
उज्जैन। प्रसिद्ध खड़े हनुमान जी मंदिर को नहीं हटाए जाने के समर्थन में चल रहे आंदोलन के बीच साध्वी हर्षा नंद गिरी मंदिर पहुंचीं। उन्होंने भगवान खड़े हनुमान जी का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर को लेकर चल रहे आंदोलन का समर्थन किया।
बोलीं- बाबा यहां से नहीं जाना चाहते
मंदिर में दर्शन के बाद हर्षा नंद गिरी ने कहा कि बाबा हनुमान जी ने अपनी मर्जी जाहिर कर दी है और वे यहां से नहीं जाना चाहते। ऐसे में प्रशासन को मंदिर को छोड़कर विकास की योजना बनानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वे विकास के विरोध में नहीं हैं। विकास कार्य होने चाहिए, लेकिन इसके लिए मंदिर को हटाया जाना उचित नहीं है। प्रशासन को मंदिर को यथास्थान रखते हुए विकास का रास्ता तलाशना चाहिए।
संतों और लोगों से आगे आने की अपील
साध्वी हर्षा नंद गिरी ने कहा कि मंदिर की रक्षा के लिए सभी संतों और लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने मंदिर को बचाने के लिए चल रहे आंदोलन में लोगों से सहयोग करने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस स्थल को सुरक्षित रखते हुए विकास कार्य किए जा सकते हैं। इसके लिए प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार करना चाहिए।







