उज्जैन में स्वाइन फ्लू से दूसरी मौत

अलखनंदा नगर में परिवार के 4 सदस्यों का हुआ टेस्ट, सभी स्वस्थ
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। स्वाइन फ्लू से शहर में दूसरी महिला की मौत हो गई। परिजन 1 सितंबर को उपचार के लिए उन्हें अस्पताल ले गए थे। स्वास्थ्य विभाग ने परिजनों, आसपास के रहवासियों का टेस्ट कराया जो स्वस्थ हैं। अलखनंदा नगर निवासी ७5 वर्षीय वनमाला पति महेशचंद्र झाला को 1 सितंबर को तबीयत खराब होने पर परिजन ने बिड़ला हास्पिटल में भर्ती कराया। जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। एक दिन बाद उन्हें अवंति हास्पिटल में ले गए जहां आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू हुआ। इसके बाद आईसोलेशन वार्ड में रखा गया। 11 सितंबर की रात 11.45 बजे उनकी मौत हो गई।
ऋषिनगर की महिला की हो चुकी मृत्यु: स्वाइन फ्लू से मृत्यु का शहर में दूसरा मामला है। इससे पूर्व ऋषि नगर में रहने वाली वृद्ध महिला की भी स्वाइन फ्लू से मृत्यु हो चुकी है। जिले के खाचरौद व अन्य स्थानों से अब तक १४ लोग स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मिले हैं, इनमें से १२ उपचार के बाद स्वस्थ हो गए।
परिवार और पड़ोसियों की जांच
1 से 11 सितंबर के बीच वनमाला से अस्पताल में मिलने परिवार के सदस्य पहुंचे। घर में भी 4 सदस्य उनके संपर्क में रहे। स्वास्थ्य विभाग टीम ने परिवार के सदस्यों, पड़ोस के 14 घरों में 57 सदस्यों का सर्वे किया। किसी को भी सर्दी, खांसी, बुखार के लक्षण सामने नहीं आए हैं।
इनका कहना
अलखनंदा नगर में रहने वाली वृद्ध महिला की प्रायवेट अस्पताल में मौ हो गई। जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। उन्हें डायबिटीज, बीपी सहित अन्य परेशानी भी थी। स्वास्थ्य विभाग ने उनके परिवार के सदस्यों व पड़ोसियों की जांच की है जिनमें कोई पीडि़त नहीं मिला।
डॉ. अशोक पटेल, सीएमएचओ








