श्री महाकालेश्वर मंदिर के अतिथि निवास कल से होंगे शुरू, ऑनलाइन बुकिंग होगी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के दायरे में आने वाले दोनों अतिथि निवास की ऑनलाइन बुकिंग सोमवार से शुरू होगी। एक महीने पहले तक यह बुकिंग हो सकेगी।
दरअसल, श्री महाकालेश्वर मंदिर पंडित सूर्य नारायण व्यास अतिथि निवास एवं श्री महाकालेश्वर अतिथि निवास का संचालन करती है। अब उसने दोनों निवास की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा प्रारंभ की है।
पीआरओ आशीष फलवाडिय़ा के अनुसार दोनों अतिथि निवासों के कमरों की ऑनलाइन बुकिंग सोमवार से श्री महाकालेश्वर मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से की जा सकेगी।
एक महीने एडवांस में बुकिंग
श्रद्धालु यात्रा तारीख से एक माह पूर्व तक अतिथि निवास में कमरा ऑनलाइन बुक कर सकेंगे। उदाहरण के लिए यदि कोई श्रद्धालु 14 अक्टूबर को अतिथि निवास में ठहरना चाहते हैं तो वे 14 सितंबर को ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।
देश-विदेश के लोगों को फायदा
ऑनलाइन बुकिंग सुविधा का फायदा उज्जैन के बाहर रहने वालों को होगा। खासकर अन्य प्रांत और विदेश में रहने वालों को। वह समय पर बुकिंग करा सकेंगे और अतिथि निवास में ठहर सकेंगे। उन्हें उपलब्ध कमरों की जानकारी ऑनलाइन ही मिल जाएगी।
इस वेबसाइट पर जाकर करें बुकिंग
श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अतिथि निवास की बुकिंग केवल श्री महाकालेश्वर मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट www.shrimahakaleshwar.mp.gov.in के माध्यम से ही करें। किसी अनधिकृत व्यक्ति, एजेंट अथवा फर्जी वेबसाइट के माध्यम से बुकिंग न कराएं।









