सिंहस्थ: चिंता में डूबे अफसर, अब रोजाना दौरा कर परख रहे काम को

कर्कराज पार्किंग से नृसिंह घाट तक चौड़ी होगी सड़क
उज्जैन। मानसून सीजन खत्म होने के बाद अब प्रशासन को फोकस सिंहस्थ के नए कामों को तेजी से कराने और क्वालिटी पर है। वह लगातार दौरे कर रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को संभागायुक्त आशीषसिंह और कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने कर्कराज पाॢकंग से नृसिंह घाट तक चौड़ी होने वाली सड़क का काम देखा।
इस सड़क का निर्माण नगरनिगम करेगा। दोनों अफसरों ने निगम इंजीनियरों से चौड़ीकरण काम की प्रारंभिक जानकारी ली। उन्होंने साफ कहा कि यह मार्ग सिंहस्थ की दृष्टि से सबसे ज्यादा जरूरी है। इसके चौड़ीकरण का काम शीघ्रता से किया जाए। क्वालिटी और समयसीमा पर उन्होंने खास तौर पर फोकस करने का कहा।
स्मार्टसिटी सीईओ ने देखा कचरा प्रबंधन
स्मार्टसिटी सीईओ डॉ. नेहा जैन ने गुरुवार को सिंहस्थ की तैयारी के क्रम में शहर की कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था का जायज़ा लिया। उन्होंने गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन देखें। कचरा कलेक्शन और ट्रांसपोर्टेंशन को आधुनिक बनाने पर बात की। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। जीरो वेस्ट स्कूल के तहत पंडित दीनदयाल हायर सेकंडरी स्कूल माधवगंज का मुआयना किया।इस स्कूल को जीरो वेस्ट बनाया जा रहा है।









