तेज दौड़ती कार ने आधा दर्जन वाहनों को टक्कर मारी, जीजा-साले घायल

उज्जैन। रविवार रात को मक्सी रोड पर तेज गति से दौड़ती कार ने करीब आधा दर्जन वाहनो को टक्कर मारकर कई को घायल किया है। घटना गोपालपुरा से कंचन पुरा के बीच की है। कंचनपुरा में एक बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद लोगों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रविवार रात करीब नौ बजे कंचनपुरा में बाइक से इंदौर के उत्कृष्ट सोनी अपने साले रीतेश मिमरोट निवासी कंचनपुरा के साथ जा रहे थे। तभी पीछे से आई तेज गति की कार ने इन्हे टक्कर मार दी जिससे दोनों गंभीर गायक हो गए और बाइक चकनाचूर हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने इन्हें माधवनगर अस्पताल पहुंचाया और कार चालक को पकड़कर माधवनगर पुलिस के हवाले किया।
कई वाहनों को मारी थी टक्कर माधवनगर पुलिस के मुताबिक कार चालक बाढ़कुम्मैद निवासी राधेश्याम पिता गणेश गोयल (42) है। उसे हिरासत में ले लिया है। लोगों ने बताया कि कार चालक ने गोपालपुरा पर एक बाइक को टक्कर मारी। उसके बाद वो गाड़ी लेकर भाग रहा था और इस दौरान उसने कई लोगों को घायल किया। कई लोग पकडऩे के लिए उसके पीछे आ रहे थे।
शनिवार को भी हुई थी ऐसी ही घटना: गाड़ी अड्डा चौराहा पर शनिवार को भी ऐसी ही घटना हुई थी। जिसमेें तेज रफ्तार कार की टक्कर से अनियंत्रित हुआ एक ऑटो रिक्शा पास ही लगी फल की दुकानों और ठेलों में जा घुसा। जिसमें तीन दुकानदारों को मामूली चोटें आईं, और दो गंभीर रूप से घायल हो गए।









