देर रात सो रहे बच्चे को खींचकर ले गया स्ट्रीट डॉग, हाथ और पीठ पर काटा

बचाने पहुंचे पिता पर भी किया हमला

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। अपने घर में सो रहे 5 साल के बच्चे पर स्ट्रीट डॉग ने देर रात हमला कर दिया और खींचकर ले गया। इस दौरान उसके हाथ और पीठ पर काट लिया। मासूम के चीखने की आवाज सुनकर पिता उसे बचाने पहुंचे तो कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया और पैर में जगह-जगह काट लिया। दोनों को परिजन शुक्रवार सुबह इलाज के लिए चरक अस्पताल लेकर पहुंचे।
बडऩगर तहसील के ग्राम बिरियाखेड़ी में राजेंद्र बसुनिया अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके ४ बेटी और एक बेटा है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब १ बजे जब सभी सो रहे तभी दरवाजा खुला होने से एक स्ट्रीट डॉग घर में घुसा और उनके ५ साल के बेटे श्याम को खींचकर बाहर ले गया। उसने बच्चे के हाथ और पीठ पर काट लिया।
श्याम की चीखें सुनकर पिता राजेंद्र उसे बचाने के लिए गए तो कुत्ते ने उन पर भी हमला कर जगह-जगह काट लिया। बुमिश्कल पिता और बेटा बच सके। दोनों का चरक अस्पताल में इलाज चल रहा है।









