होटल अबिका इलाइट के हाउसकीपर की संदिग्ध मौत, साथियों ने दरवाजा तोडक़र निकाला शव

इंस्टाग्राम में मिली लडक़ी से चैट, स्टोरी पर लिखा था बाय-बाय

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित होटल अबिका इलाइट में हाउसकीपिंग का काम करने वाले युवक की बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसे साथियों ने बाथरूम का दरवाजा तोडक़र बाहर निकाला। इसके बाद उसे चरक अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक का नाम का नाम नरेंद्र सिंह पिता रामसिंह चौहान (19) साल निवासी ग्राम सेमली दीवान, गरोठ है। वह दो साल से फाजलपुरा स्थित होटल अबिका इलाइट में हाउसकीपिंग का काम करता था और वहीं रहता था। होटल रूद्राक्ष में हाउसकीपिंग का काम करने वाले उसके भाई महेंद्र सिंह ने बताया कि वह गुरुवार रात होटल में भगवान गणेश की आरती कर रूम में चला गया और उसके साथी कर्मचारी ऊपर खाना खाने गए थे।
काफी देर तक जब नरेंद्र नहीं आया तो साथी कर्मचारियों ने कॉल किया लेकिन उसने रिसीव नहीं किया। उसके रूम के ऊपर ही होटल के कुक रूम है। कुक को जब फोन की रिंग सुनाई दी तो उसने खाना खा रहे कर्मचारियों से कहा कि बाथरूम से रिंग की आवाज आ रही है। इसके बाद करीब ११ बजे साथी कर्मचारी बाथरूम के बाहर पहुंचे तो वह अंदर से बंद था। इसके बाद होटल के अन्य लोगों को सूचना दी गई और दरवाजा तोड़ा गया तो नरेंद्र फर्श पर पड़ा था। उसे मैनेजर तन्मय मीणा और अन्य कर्मचारी तत्काल चरक अस्पताल लेकर आए लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। यहां डॉक्टरों ने भी जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रेम प्रसंग की बात सामने आई
मृतक नरेंद्र के साथ हाउसकीपिंग का ही काम करने वाले भोला योगी ने बताया कि वह भी गरोठ तहसील के पावठी गांव में रहता है जो नरेंद्र के गांव से दो किमी दूर है। नरेंद्र की करीब 7-8 महीने पहले ही सगाई हुई थी लेकिन वह इंस्टाग्राम पर किसी और लडक़ी से बात करता था। लडक़ी के साथ उसकी चैट भी मिली है जिसमें लडक़ी परिवार के खिलाफ जाकर उससे शादी करने से इंकार करने जैसी बातें कह रही है। नरेंद्र ने भी सल्फास खाने जैसी बात लिखी है। उसने लिखा है कि अब मेरी स्टोरी देख नहीं पाएंगे, बाय-बाय। नरेंद्र को बाहर निकाला तब उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। संभवत: उसने कोई जहरीला पदार्थ खाया होगा। इधर, कोतवाली पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर मर्ग कायम किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।









