उज्जैन के गुरु से दीक्षित छग के एक परिवार के दो सदस्यों की संदिग्ध मौत, तंत्र क्रिया की आशंका

चार लोग अस्पताल में भर्ती, उज्जैन पुलिस से अभी तक संपर्क नहीं
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। उज्जैन के एक गुरु से दीक्षित छत्तीसगढ़ के शक्ति जिले तांदुलडीह गांव के एक परिवार के दो सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चार लोग गंभीर हैं। आशंका है कि यह परिवार किसी तंत्रक्रिया का शिकार हुआ है।
दरअसल तांदुलडीह की रहने वाली 35 साल की अमरीकाबाई ने 6 साल पहले उज्जैन के उमाकांत महाराज से दीक्षा ली थी। वह अक्सर उज्जैन आती-जाती रहती है। बुधवार शाम से वह मां फैद बाई, भाई विक्रम सिदार, विक्की सिदार, चंद्रिका सिदार, विशाल सिदार के साथ जाप और पूजापाठ कर रही थी। पूरा परिवार जय गुरुदेव, जय गुरुदेव का पूरी रात जाप करता रहा।
रातभर जाप चलने के बाद जब सुबह घर से आवाजें आनी बंद हुईं तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया। जब दरवाजा नहीं खुला तो पास के गांव उरगा में रहने वाली महिला रिश्तेदार को सूचना दी गई। उसके मौके पर पहुंचने पर घर का छप्पर हटाकर दरवाजा खोला गया तो विक्रम और विक्की सिदार की लाश मिली, जबकि अन्य लोग अर्धबेहोशी की हालत में मिले।
उन्हें उपचार के लिए शक्ति के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को शार्ट पीएम रिपोर्ट में दोनों युवकों के जहर खाने की पुष्टि हुई। ऐसे में इनकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मौत को संदिग्ध मानकर जांच शुरू कर दी है।इधर अस्पताल में भर्ती परिवार के 4 सदस्यों की हालत में सुधार है, लेकिन रह-रहकर वह चीखने लगते हैं और जय गुरुदेव, जय गुरुदेव का जाप करने लगते हैं।
अपने स्तर पर पता लगा रहे हैं
संदिग्ध मौत के मामले में पूछे जाने पर एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने घटना के संबंध में उज्जैन पुलिस से कोई संपर्क नहीं किया है। फिर भी हम अपने स्तर पर पता लगा रहे हैं।









