महाकाल लोक में मिली संदिग्ध महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा

उज्जैन। बुधवार सुबह महाकाल लोक में एक संदिग्ध महिला को सुरक्षाकर्मियों ने पकडक़र महाकाल थाने के सुपुर्द किया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसके परिजनों को सूचना दी है। पुलिस ने बताया कि महाकाल लोक में झोला लेकर मुंह पर स्टॉल बांधकर घूम रही महिला को केएसएस के सुरक्षाकर्मियों ने संदिग्ध हालत में पकड़ा था।

महिला के झोले से उर्दू में लिखे स्टीकर, किताब, 5 आधार कार्ड मिले। महिला स्वयं का नाम अंजु परमार बता रही थी। महिला से पूछताछ करने के बाद उसके परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने इस बात की पुष्टि की है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह घर पर बिना बताए कहीं भी चली जाती है। टीआई नरेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि फिलहाल महिला को वन स्टेप सेंटर भेजा गया है। उसके परिजनों के आने पर विधिवत कार्यवाही के बाद उनके सुपुर्द किया जाएगा।









