घर से भागी किशोरी एक बच्चे की मां बनकर लौटी

चिमनगंज पुलिस ने 11 दिन में 5 लापता को तलाशा

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। लापता बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान में उज्जैन पुलिस को अच्छी सफलता मिल रही है। प्रदेश में उज्जैन पुलिस तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। इस मामले में चिमनगंज थाने का काम सबसे अच्छा है। पिछले 11 दिनों में चिमनगंज पुलिस ने 1 किशोर व 4 किशोरियों को तलाश कर परिजनों के सुपुर्द किया।
पुलिस ने बताया कि चक कमेड़ में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी 31 जनवरी 2023 को घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजन ने उसके अपहरण की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। पुलिस द्वारा तभी से किशोरी की तलाश की जा रही थी लेकिन उसका सुराग नहीं मिला। रविवार को पता चला कि किशोरी एक युवक के साथ नंदा नगर इंदौर में रह रही है।
पुलिस टीम वहां पहुंची। युवक के साथ उसे तलाश कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि घर से भागकर उसने युवक के साथ मंदिर में शादी कर ली थी। दोनों का एक बच्चा है। पुलिस उसे लेकर थाने आई। युवक के खिलाफ केस दर्ज किया। इसी प्रकार पुलिस ने खिलचीपुर निवासी 17 वर्षीय किशोरी, गायत्री नगर निवासी 16 वर्षीय किशोरी, शिवशक्ति नगर निवासी 17 वर्षीय किशोरी के साथ ही तिरूपति सैफरान में रहने वाले 16 वर्षीय बालक को भी तलाशा।
प्रदेश में तीसरे स्थान पर: एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि जिले में पुलिस द्वारा ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है। जिले में 135 बच्चों के अपहरण की शिकायतें लंबित हैं जिनमें अभियान के तहत 25 बच्चों को तलाश कर लिया गया है। प्रदेश स्तर पर चल रहे इस अभियान में उज्जैन जिला तीसरे नंबर पर है।









