रात में ताला तोड़कर ले गए काउंटर, फरियादी ने CCTV फुटेज देखकर खोज निकाले चोर

महाकाल थाने पर दी सूचना, काउंटर ले जाने वालों की पहचान भी की

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। महाकाल थाना क्षेत्र के कहारवाड़ी में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी घर के बाहर रखा काउंटर तीन लोग चुरा ले गए। सुबह जब मालिक को काउंटर नहीं दिखा तो उसने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें तीन लोग काउंटर ले जाते दिखे। फुटेज देखते ही उसने तीनों को पहचान लिया और महाकाल थाने में शिकायत की जिसके बाद पुलिस काउंटर और उसे ले गए चोर को थाने ले गई।
दरअसल, अशोक पिता तेजूलाल कहार निवासी कहारवाड़ी अपने घर के बाहर काउंटर लगाकर भगवान की तस्वीर और फोटो बेचता है। अशोक ने बताया रोज की तरह गुरुवार रात भी उसने काउंटर घर के बाहर रखा था लेकिन जब वह सुबह जागा तो काउंटर वहां नहीं था।
View this post on InstagramAdvertisement
उसने आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखे जिसमें दो पुरुष और एक महिला काउंटर ले जाते दिखे। उसने तीनों को पहचान लिया और महाकाल थाने पहुंचकर काउंटर चोरी होने की शिकायत करते हुए यह भी बताया कि काउंटर कहां रखा है। इसके बाद दो पुलिसकर्मी अशोक के साथ महाराजवाड़ा होटल (पूर्व में स्कूल) पहुंचे जहां काउंटर रखा था।
यहां काउंटर ले जाने वालों में शामिल वह महिला भी थी, अशोक ने तुरंत उसे पहचान लिया तो वह बोली कि यह काउंटर उसने खरीदा है लेकिन जब पुलिसकर्मियों ने पूछा किससे खरीदा तो वह कुछ बोल नहीं सकी। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे और काउंटर को थाने ले गए। फरियादी अशोक कहार ने बताया कि जो लोग उसका काउंटर ले गए उनके नाम रामचंद्र उर्फ शैम्पू, ज्योति और एक अन्य है।
1.40 मिनट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया
काउंटर ले जाने का 1 मिनट 40 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें रात 2.58 बजे तीन लोग काउंटर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फरियादी अशोक कहार से सीसीटीवी फुटेज लिए हैं। मामले में कार्रवाई की जा रही है।









