फिल्मी गाने पर हो रहे गरबा को हिंदू जागरण मंच ने रुकवाया, आयोजक ने माफी मांगी

उज्जैन। बुधवार रात ताल गरबा महोत्सव में फिल्मी गानों पर गरबा कराए जाने से नाराज हिंदू जागरण मंच ने गरबा आयोजन रुकवा दिया। जमकर हंगामा भी हुआ। इंदौर रोड स्थित परमेश्वरी गार्डन में ताल गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यहां फिल्मी गानों पर गरबा कराया जा रहा था। हिंदू जागरण मंच और हिंदू समाज युवा शक्ति संगठन के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी लगी, तो वे गार्डन पहुंच गए। उन्होंने साउंड बंद करवाते हुए गरबा खेलने से रोक दिया। मंच के कार्यकर्ता अर्जुन भदौरिया और संगठन के रितेश माहेश्वरी ने आयोजकों को चेतावनी देते हुए साफ कहा कि अश्लीलता या फूहड़ता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सॉरी नहीं चलेगा हिंदी में माफी मांगिए
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं की नाराजगी को देखते हुए गरबा आयोजक ने मंच से माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि आगे से फिल्मी गाने नहीं बजाए जाएंगे। वे अंग्रेजी में माफी मांग रहे थे, तो कार्यकर्ताओं ने कहा हिंदी में माफी मागिए। आखिर आयोजक ने हिंदी में माफी मांगी और वीडियो भी जारी किया। इसके बाद अंतिम चेतावनी देते हुए गरबा शुरू करने की अनुमति दी गई।









