नौकरी का झांसा दिया, फिर बनाने लगा शादी का दबाव

उज्जैन। देवासगेट पुलिस ने एक सिरफिरे को शाजापुर से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। उसने छात्रा को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और फिर उसे पर प्यार और शादी करने का दबाव बनाने लगा। जब छात्रा ने इंकार किया तो सिरफिरा उसका पीछा कर जान से मारने की धमकी देने लगा जिसके बाद छात्रा ने देवासगेट पुलिस को शिकायत की।

पुलिस ने बताया कि १३ मई को छात्रा ने देवासगेट थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। उसने पुलिस को बताया था कि कॉलेज पार्किंग में माही नामक शख्स ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर मोबाइल नंबर लिया। बाद में खुद को सिकंदर पठान बताते हुए प्यार और शादी का दबाव बनाने लगा। जब छात्रा ने मना किया तो वह उसका पीछा करने बदनाम करने और फिर जान से मारने की धमकी देने लगा। इससे तंग आकर छात्रा ने देवासगेट पुलिस को शिकायत की।
शाजापुर से पकड़ा, जेल भेजा
मामले को गंभीरता से लेते हुए देवासगेट थाना प्रभारी अनिला कैथवास आरोपी को पकडऩे के लिए टीम गठित की। फरियादिया के कथन और मुखबिर से सूचना के आधार पर सिकंदर पिता रईस खान निवासी सुमराखेड़ा थाना विजयागंज मंडी को पुलिस ने शाजापुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार किया जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।









