प्याज रोपने के रुपए मांगे, काम अधूरा छोडऩे पर महिला ने किया इंकार तो जगह-जगह काट लिया

घर का दरवाजा तोडक़र अंदर घुसी थीं महिलाएं, घायल चरक अस्पताल में भर्ती

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चिंतामण थाना क्षेत्र के ग्राम लेकोड़ा में कुछ महिलाओं ने एक महिला के साथ मारपीट करते हुए उसे जगह-जगह काट लिया। विवाद प्याज रोपने के रुपए को लेकर था। घायल को चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घायल का नाम पवित्रा बाई पति चंगीराम पटेल (45) निवासी लेकोड़ा है। पति चंगीराम ने बताया कि उन्होंने रीना पति सुभाष, माया पति कैलाश सहित अन्य महिलाओं को अपनी ढाई बीघा जमीन पर 19,500 रुपए में प्याज रोपने का ठेका दिया था लेकिन उन्होंने एक बीघा पर प्याज लगाए और फिर अन्य जगह ज्यादा रुपए मिलने पर काम अधूरा छोडक़र वहां चले गए।
महिलाओं को कई बार काम पूरा करने के लिए कहा लेकिन उन्होंने काम पूरा नहीं किया जिससे एक बीघा पर लगे प्याज सूख गए। बुधवार शाम करीब 6.30 बजे रीना, माया और अन्य महिलाएं पवित्रा बाई के घर रुपए मांगने पहुंचीं। इस दौरान पवित्राबाई छत पर काम कर रही थी। इस पर महिलाएं घर का दरवाजा तोडक़र अंदर घुस गईं। जब पवित्राबाई नीचे आई तो रानी और माया में से एक ने उसके हाथ पकड़े और दूसरी ने जगह-जगह काट लिया जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद परिजन तत्काल पवित्रा बाई को लेकर चरक अस्पताल पहुंचे जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट
चंगीराम पटेल ने आरोप लगाया कि जब वह चिंतामण थाने पर रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंचा तो थाने पर काफी देर बैठाए रखा लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी। इसके बाद उसने पत्नी को चरक अस्पताल में भर्ती करवाया। रात में परिचित पुलिसकर्मी ने जब उन्हें अस्पताल में देखा तो फिर बयान लिए।









