युवक के साथ पकड़ाई महिला की दोस्ती टॉवर चौक पर हुई, महिला ने बुलाया था

पुरुषोत्तम सागर के बगीचे में आपत्तिजनक हालत में मिले
- हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने दोनों को पुलिस को सौंपा
- महिला ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने से मना किया
- पुलिस ने युवक के खिलाफ धारा 151 तहत कायमी की
अक्षरविश्व न्यूज | उज्जैन। हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों ने जिस महिला के साथ युवक को पकड़ा था, उसमें एक नया मोड़ आया है। महिला ने ही उसे विष्णु सागर में मिलने के लिए बुलाया था। दोनों एक दूसरे से परिचित थे। महिला महिदपुर की है। उसके पति की मौत हो चुकी है। उसका दस साल का बेटा है। पिछले दिनों वह उज्जैन आई थी। टॉवर चौक पर उसकी युवक से मुलाकात हुई। बाद में यही मुलाकात दोस्ती में तब्दील हो गई। दोनों एक दूसरे मिलते और मोबाइल पर बात करने लगे।

जीवाजीगंज थाना प्रभारी विवेक तनोडिय़ा ने बताया कि युवक और महिला को लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ की वीडियो भी बनाई गई है। उसने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया। चूंकि बगीचे में इस तरह से मिलना ठीक नहीं है। लिहाजा युवक के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई। तनोडिय़ा ने बताया कि जब महिला से पूछताछ की गई तब उसने बताया कि उसे पता था कि जिससे उसने दोस्ती की है वह कौन है और उसका नाम क्या है।
माहेश्वरी ने वीडियो में यह बताया
हिंदू जागरण मंच के रितेश माहेश्वरी ने वीडियो में बताया शनिवार दोपहर हमें सूचना मिली थी कि विष्णु सागर उद्यान में एक युवक महिला के साथ झाडिय़ों के पीछे आपत्तिजनक अवस्था में बैठा हुआ है। सूचना के आधार पर हिंदू जागरण मंच के अर्जुनसिंह भदौरिया, राहुल सिसोदिया, कपिल कसेरा, प्रणव व्यास, टोनी इंगले और राम गेहलोत सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता गोवर्धन सागर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। जब उसका नाम पूछा तो पहले उसने अपना नाम राम पिता घनश्याम बताया। जब उसका मोबाइल चैक किया और उसकी इंस्टा आईडी व आधार कार्ड देखा तो युवक की पहचान इकराम पिता इकबाल खान निवासी हेलावाड़ी के रूप में हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची
कार्यकर्ताओं ने बताया कि महिला और युवक ने बच्चे को बैग और मोबाइल देकर उसे उद्यान में दूर बैठा दिया था। इसके बाद दोनों उद्यान में सुनसान जगह पर झाडिय़ों के पीछे चले गए। उसके मोबाइल में कई लड़कियों और युवतियों के साथ चैटिंग भी मिली। सूचना मिलने पर जीवाजीगंज पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और इकराम खान को थाने लेकर आई। थाने पहुंचने पर पुलिस द्वारा उससे पूछताछ की गई। हालांकि महिला ने इकराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने से इनकार कर दिया।
विष्णु सागर ही क्यों
विष्णु सागर इन दिनों सुर्खियों में है। पिछले दिनों कान्हा बनकर एक युवती को अपने जाल में फंसाने वाले युवक ने लडक़ी को इसी विष्णु सागर बगीचे में बुलाया था। कान्हा इस बात से अनभिज्ञ था कि लडक़ी ने परिजन को सूचना दे है और हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं को भी सूचित कर दिया गया है। लडक़ी के शोर मचाने पर कार्यकर्ताओं ने उसे पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया था। इकराम और महिदपुर की महिला की मुलाकात भी चहीं हुई।
इससे पहले भी एक जोड़े के साथ मारपीट हो चुकी है। सवाल यही है कि मिलने वालों को यह बगीचा ही क्यों रास आ रहा है। लोगों का कहना है कि शहर से दूर है, बगीचा बड़ा है। इसलिए मिलना-जुलना आसान होता है। उन्हें शायद यह नहीं पता है कि यहां के चौकीदार और माली की निगाहें पैनी हैं। वहीं दूसरी और हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता भी तैयार रहते हैं।









