दिन में अलमारी बनाना और रात में अलमारियों के ताले तोडऩा था काम

एक चोरी में जेल से जमानत पर आए और दूसरी चोरी में पकड़ाए, आभूषण जब्त
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। सवा माह पहले चिमनगंज थाना क्षेत्र के आजाद नगर में चोरों ने सूने मकानों के ताले तोडक़र सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रुपए चुराए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर कुछ आभूषण जब्त किए हैं।

हेडकांस्टेबल अशोक गौड़ ने बताया कि आजाद नगर निवासी रज्जाक खान पिता अजीज खान 10 जनवरी को अकोदिया में आयोजित कार्यक्रम में परिवार के साथ गया था। 17 जनवरी को उसे पड़ोसी ने सूचना दी कि घर के ताले टूटे हैं। अगले दिन रज्जाक घर आया। घर में देखा सामान बिखरा पड़ा था। दूसरी मंजिल पर रखी अलमारी के ताले टूटे थे। उसमें रखा सोने का मंगलसूत्र, तीन जोड़ी बाली, नाक का कांटा, चांदी के जेवर सहित 20 हजार रुपए नहीं थे। रज्जाक ने 19 जनवरी को थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
ऐसे मिला चोरों का सुराग
पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद सीसीटीवी फुटेज देखे। साथ ही मुखबिरों को भी काम पर लगाया। इस दौरान सूचना मिली कि विराट नगर निवासी ताहिर पिता नूर मोहम्मद और गरीब नवाज कॉलोनी निवासी शाहिद शाह पिता शहजाद शाह को मोहल्ले में घूमते देखा था। पुलिस ने इसी आधार पर दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
लखेरवाड़ी में बेचा मंगलसूत्र
ताहिर और शाहिद ने पुलिस को बताया कि रज्जाक के घर से चुराया सोने का मंगलसूत्र व बाली लखेरवाड़ी में एक व्यक्ति को बेचे थे। उससे मिले रुपए आपस में बांटकर खर्च कर दिए। पुलिस अब बेचे गए सामान को जब्त करने के प्रयास कर रही है।
एक अलमारी बनाता व दूसरा ऑटो चलाता है
पुलिस ने बताया कि ताहिर लोगों को दिखाने के लिए एक दुकान पर अलमारी बनाने का काम करता है और शाहिद ऑटो चलाता है। दोनों शातिर चोर हैं। उनके खिलाफ चोरी, मारपीट के अलग-अलग थाने में केस दर्ज हैं।
आगर जेल से जमानत पर आया था
ताहिर पूर्व में महाकाल, आगर मालवा, चिमनगंज थाने में चोरी के मामले में पकड़ा जा चुका है। उसके खिलाफ मारपीट, लूट जैसी धाराओं में कुल 7 अपराध दर्ज हैं। उसे पिछले माह आगर पुलिस ने चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था जहां से जमानत पर छूटकर उज्जैन आया था।
शाहीद शाह के आपराधिक रिकार्ड की जानकारी पुलिस द्वारा निकाली जा रही है। पुलिस ने बताया ताहिर दिन में अलमारी बनाता और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। उसने रज्जाक के मकान पर तीन दिन तक नजर रखी उसी के बाद वारदात की। दोनों बदमाशों से पुलिस ने दो जोड़ सोने की बाली, दो जोड़ चांदी की पायजेब, एक नाक का कांटा जब्त किया है।








